शाम की चाय के साथ कुछ हल्का-फुल्का स्नैक्स खाने का मन तो हर किसी को करता है। फिर अगर घर में बड़े और छोटे बच्चे एक साथ हों तो फिर कुछ न कुछ स्नैक्स में बनाना जरूरी हो जाता है। क्योंकि इस समय कोरोना के खतरे की वजह से बाहर का भी कुछ नहीं घर आ सकता। ऐसे में रोज कुछ चटपटा और टेस्टी बनाने के बारे में सोचना पड़ रहा है तो आज हम लेकर आएं हैं बिल्कुल नई और आसान सी डिश। जिसे बनाना बेहद आसान है।
लॉकडाउन रेसिपी: शाम की चाय के साथ बनाए पोटैटो रवा फिंगर्स, बच्चों से लेकर बड़े तक करेंगे पसंद
अभी तक आप शाम ने स्नैक्स में कभी नमकीन तो कभी नमकपारे का ही जुगाड़ करती होंगी। बहुत मन किया तो आलू को तलकर फ्रेंच फ्राइस बनाती होंगी। ऐसे में हम लेकर आए हैं पोटैटो रवा फिंगर्स। जो बच्चे तो मन से खाएंगे ही बड़ों को भी ये काफी पसंद आएगा। तो चलिए जानें क्या है इसे बनाने की रेसिपी।
एक कप सूजी या रवा, तीन उबले हुए आलू, एक प्याज, हरी मिर्च, थोड़े से धनिया के पत्ते, लाल मिर्च पाउडर, छोटा अदरक का टुकड़ा, नमक स्वादानुसार, पानी सूजी भिगोने के लिए और तेल तलने के लिए।
पोटैटो रवा फिंगर्स बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में सूजी और पानी मिलाकर आधे घंटे के लिए भिगोकर रख दें। आधे घंटे बाद आप देखेंगे कि सूजी ने पानी को पूरी तरह से सोख लिया है और वो बिल्कुल गाढ़ा हो गया है। अब इसमें बाकी के सारे सामान को मिलाकर आटे की तरह गूंथ लें। इसमें उबला आलू, हरी धनिया, लाल मिर्च, नमक, कटा हुआ अदरक, कटा हुआ प्याज सारी सामग्री को मिला लें।
अब इस सारे मिश्रण को गूंथ कर आटे के जैसा बना लिया है तो पैन में तेल तलने के लिए डालकर गैस पर चढा दें। इसके बाद हाथों में थोड़ा तेल लगाकर गूथें हुए सूजी या रवा और आलू के पेस्ट को हथेलियों की मदद से लंबा शेप दें। अब इसे तेल में डालकर मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तल लें। अब इस तैयार पोटैटो रवा फिंगर्स को अपनी मनपसंद सॉस या हरी चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें। ये कुरकुरा स्नैक्स हर किसी की पहली पसंद बन जाएगा।