कोलेस्ट्रॉल और इसके कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में आपने भी जरूर सुना होगा, हाई कोलेस्ट्रॉल को हृदय रोगों का सबसे बड़ा कारण माना जाता है। पर क्या आप जानते हैं कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर के लिए आवश्यक भी होता है। कोलेस्ट्रॉल, हमारे रक्त में पाया जाने वाला एक मोमनुमा पदार्थ होता है, ये स्वस्थ कोशिकाओं के निर्माण के लिए आवश्यक माना जाता है। हालांकि लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी जैसी कुछ स्थितियां रक्त में बैड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को बढ़ाने वाली हो सकती है, जो खतरनाक हो सकती है।
High Cholesterol: आपके आंखों-कानों में ऐसी दिक्कतें कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का हो सकती हैं संकेत, इसे न करें अनदेखा
हाई कोलेस्ट्रॉल के क्या होते हैं संकेत?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की स्थिति में शुरुआत में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं नजर आता है, पर अगर इसका इलाज नहीं किया गया तो गंभीर समस्याओं का जोखिम हो सकता है। हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या का पता लगाने के लिए इसकी जांच जरूरी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर के कुछ अंगों में होने वाली समस्याएं भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का एक संकेत हो सकती हैं, जिसपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए। आइए ऐसी ही कुछ स्थितियों के बारे में जानते हैं।
कानों में होती हैं इस तरह की दिक्कतें
क्या आप जानते हैं कि कानों में होने वाली कुछ समस्याओं के आधार पर भी आप इस बात का पता लगा सकते हैं कि आपके ब्लड में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ तो नहीं रही है? अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि रक्तप्रवाह में हाई कोलेस्ट्रॉल या ट्राइग्लिसराइड का स्तर आपके कानों में समस्याएं पैदा कर सकता है, इसके कारण कई लोगों में टिनिटस, सुनाई न देने में समस्या या चक्कर आने जैसी दिक्कतें देखी गई हैं। अगर आपको भी इस तरह की दिक्कतें हैं तो इसपर गंभीरता से ध्यान दें।
आंखों में होते हैं ये लक्षण
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या कानों के साथ-साथ आपके आंखों को भी प्रभावित करने वाली हो सकती है। हाई कोलेस्ट्रॉल वाले ज्यादातर लोगों में जैंथेल्मा की दिक्कत विकसित होती देखी गई है। जैंथेल्मा, आंखों के आसपास या नाक के पास सपाट या कुछ हद तक उभरा हुआ पीला हिस्सा होता है। वैसे तो यह आपकी दृष्टि को प्रभावित नहीं करती है, पर इस तरह के लक्षणों पर ध्यान देकर कोलेस्ट्रॉल की समस्या का पता लगाया जा सकता है।
कोलेस्ट्रॉल को रखें कंट्रोल
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। इसके लिए आहार और लाइफस्टाइल में कुछ बदलावों से लाभ पाया जा सकता है। सबसे जरूरी है कि आप सेचुरेटेड फैट्स वाली चीजों का सेवन कम कर दें। मुख्य रूप से रेड मीट और फुल फैट वाले डेयरी उत्पादों में इसकी अधिकता होती है। ट्रांस फैट का अधिक सेवन भी आपकी समस्याओं को बढ़ा सकता है।
कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए आहार में ओमेगा-3 फैटी एसिड और घुलनशील फाइबर की मात्रा बढ़ाएं। दिनचर्या में नियमित व्यायाम को शामिल करना भी आपके लिए फायदेमंद माना जाता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।