पिछले एक दशक की सबसे खतरनाक बीमारियों की बात करें तो सबसे पहले ख्याल आता है कोरोना संक्रमण का। इसमें करोड़ों लोग संक्रमण का शिकार हुए और बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई। हालांकि कोविड-19 महामारी ने पूरी दुनिया को एक ऐसी सीख दी, जिसे शायद कभी नहीं भुलाया जा सकता वह है बीमारियों से लड़ने के लिए इम्युनिटी मजबूत करना और हाथों की स्वच्छता पर निरंतर ध्यान देते रहना।
Health Tips: सिर्फ 20 सेकंड की आदत बचा सकती है कई बीमारियों से, फ्लू हो या कोरोना सब भागेंगे दूर
फ्लू, कोविड-19, नोरोवायरस, सामान्य सर्दी-जुकाम और कई अन्य संक्रामक बीमारियां अक्सर संक्रमित सतहों या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क के बाद हाथों के जरिए शरीर में प्रवेश करती हैं। ऐसे में हैंड हाइजीन यानी हाथों की सही तरीके से सफाई संक्रमण की कड़ी तोड़ने का सबसे आसान, सस्ता और प्रभावी तरीका माना जाता है।
हाथ धोने की बनाएं आदत
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का भी मानना है कि नियमित रूप से और सही तरीके से हाथ धोने की आदत संक्रमण फैलने को रोक सकती है। सिर्फ 20 सेकंड तक साबुन और पानी से हाथ धोना आपके कई संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने में मददगार हो सकता है।
- कोविड-19 महामारी के दौरान भी सभी लोगों को बार-बार हाथों की स्वच्छता पर ध्यान देते रहने की सलाह दी जाती रही थी।
- साबुन से हाथ धोने या फिर हैंड सेनेटाइजर का उपयोग करने से बैक्टीरिया और वायरस के कारण होने वाली कई गंभीर बीमारियों से बचाव हो सकता है।
बैक्टीरिया और वायरस से मिलती है सुरक्षा
हमारा हाथ हर दिन कई सतहों को छूता है, जिससे हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस हमारे शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। साबुन और पानी से हाथ धोने से इनकी संख्या 90-99% तक कम हो जाती है।
- नियमित रूप से हाथ धोने से फ्लू, सर्दी-जुकाम, हेपेटाइटिस ए और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल संक्रमण जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
- यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार, डायरिया के कारण हर साल लाखों बच्चे अपनी जान गंवाते हैं। साबुन से हाथ धोने से इस खतरे को 40% तक कम किया जा सकता है।
- नाक और मुंह को बार-बार छूने से सांस संबंधी बीमारियां, जैसे निमोनिया और ब्रोंकाइटिस, फैल सकती हैं। हाथ धोने से इनका प्रसार रोका जा सकता है।
इम्यून सिस्टम होता है मजबूत
अच्छी स्वच्छता बनाए रखने से शरीर पर बैक्टीरिया और वायरस का कम प्रभाव पड़ता है, जिससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। शोध के अनुसार, अस्पतालों में संक्रमण के प्रमुख कारणों में गंदे हाथ भी शामिल होते हैं। हाथ धोने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को इनसे बचाया जा सकता है।
---------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।