पिछले दो साल से अधिक समय से जारी वैश्विक कोरोना महामारी ने लोगों की सेहत को कई तरह से प्रभावित किया है। कोरोना वायरस को मुख्यरूप से श्वसन संक्रमण का कारण माना जाता है, क्योंकि यह वायरस सबसे ज्यादा ऊपरी श्वसन तंत्र को लक्षित करता है। यही कारण है कि संक्रमण की स्थिति में लोगों में कई तरह के सांस से संबंधित लक्षण देखे जाते रहे हैं। डेल्टा वैरिएंटस से संक्रमण के दौरान लोगों में स्वाद-गंध से संबंधित दिक्कतें भी अधिक देखी गई थीं। इतना ही नहीं संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों में भी लॉन्ग कोविड के रूप में अजीब तरह के गंध को महसूस करने की शिकायत देखी गई थी, मेडिकल की भाषा में इस तरह की समस्या को फैंटोस्मिया के नाम से जाना जाता है।
अध्ययन: क्या आपको भी महसूस होती रहती है अजीब गंध? ये हाई कोलेस्ट्रॉल का हो सकता है संकेत, ऐसे पहचानें समस्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या की पहचान जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक वैसे तो कोलेस्ट्रॉल, शरीर की कोशिकाओं के निर्माण के लिए अति आवश्यक तत्व होता है, हालांकि इसकी अधिकता गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। हाई कोलेस्ट्रॉल पर अगर ध्यान न दिया जाए और इसे अनियंत्रित छोड़ दिया जाए तो गंभीर हृदय रोगों का जोखिम बढ़ सकता है। हाई कोलेस्ट्रॉल को साइलेंट किलर भी कहा जाता है, क्योंकि इसमें अक्सर ज्यादा लक्षण नहीं दिखाई देते हैं। ऐसे में इसके प्रारंभिक संकेतों पर ध्यान देकर उसका उचित इलाज और प्रबंधन करना बहुत आवश्यक हो जाता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल में अजीबो-गरीब गंध की समस्या
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या में कुछ लोगों को अजीबो-गरीब गंध का एहसास होता रह सकता है, भले ही आसपास के लोग इस तरह का अनुभव न कर रहे हों। इस तरह की विचित्र गंध महसूस होने की समस्या को फैंटोस्मिया के रूप में जाना जाता है। यह व्यक्ति में ऑलफेक्ट्री डिस्फंक्शन के कारण होने वाली समस्या है। जिसके चलते लोगों के गंध लेने की क्षमता प्रभावित हो जाती है और इसकी वजह से वातावरण से अजीब तरह की गंध महसूस होने लगती है।
हाई कोलेस्ट्रॉल और फैंटोस्मिया का संबंध
अध्ययनों से पता चलता है कि हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति वाले कुछ लोगों को फैंटोस्मिया की समस्या हो सकती है। लैरींगोस्कोप जर्नल में प्रकाशित साल 2020 के एक शोध में भी इस बात की पुष्टि होती है। शोध से पता चलता है कि हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या के शिकार लोगों में फैंटोस्मिया की समस्या होने का जोखिम अधिक हो सकता है। शोध में यह भी बताया गया है कि गंध की यह समस्या पुरुषों की तुलना में महिलाओं में अधिक देखने को मिल सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के जोखिम को समझते हुए सभी लोगों को हाई कोलेस्ट्राल के लक्षणों पर ध्यान देते रहने की आवश्यकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल के इन लक्षणों पर भी दें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, चूंकि हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम होता है, एसे में इस खतरे को ध्यान में रखते हुए सभी लोगों को इसके लक्षणों को लेकर विशेष अलर्ट रहने की आवश्यकता होती है। यदि आपको भी सीने में दर्द, मतली, अत्यधिक थकान, सांस की तकलीफ, गर्दन या पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द महसूस होती रहती है तो किसी स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर ले लें।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।