Medically Reviewed by Ms. Priya Pandey
डायटिशियन (आहार विशेषज्ञ), उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- बी.एस.सी. (मानव पोषण)
अनुभव- 8 वर्ष
स्वस्थ रहने के लिए स्वस्थ आहार का सेवन सबसे जरूरी होता है। आजकल लोग ओट्स का सेवन भी खूब कर रहे हैं। इसे सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। दरअसल, ओट्स में कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन का सही मिश्रण होता है, जो शरीर को ऊर्जा देने का काम करते हैं। इसके अलावा यह फाइबर और कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम जैसे खनिजों से भी भरपूर होता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि दिन में एक कटोरा ओट्स का सेवन आपको कई बीमारियों से दूर रख सकता है। हालांकि सुबह में इसका सेवन दिन की शुरुआत करने का एक स्वस्थ और बढ़िया तरीका है। बच्चों के सही विकास में भी ओट्स का सेवन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के लिए यह एक अच्छा आहार माना जाता है। आइए जानते हैं ओट्स के सेवन से मिलने वाले फायदों के बारे में...
आज का हेल्थ टिप्स: सुबह नाश्ते में जरूर करें एक कटोरा ओट्स का सेवन, शरीर को मिलते हैं गजब के फायदे
डायबिटीज में है फायदेमंद
- डायबिटीज के मरीजों के लिए ओट्स का सेवन फायदेमंद होता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि जो लोग अपने ब्लड शुगर लेवल को कम करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें रोजाना ओट्स का सेवन जरूर करना चाहिए। दरअसल, ओट्स का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है, इसलिए शुगर के मरीजों के लिए यह एक स्वस्थ और उचित आहार है।
ब्लड प्रेशर को रखता है नियंत्रित
- उच्च रक्तचाप यानी हाई बीपी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है। इसलिए ब्लड प्रेशर के स्तर नियंत्रित रखने के लिए आपको अपने दैनिक आहार में ओट्स को जरूर शामिल करना चाहिए। इससे वजन कम करने में भी मदद मिल सकती है, क्योंकि यह फाइबर से भरपूर होता है।
पाचन को रखता है ठीक
- ओट्स के नियमित सेवन से पाचन तंत्र को भी स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। इसमें पाया जाने वाला अघुलनशील फाइबर कब्ज के इलाज में और आंतों के कार्यों को नियमित रखने में भी मदद करता है। इसके अलावा यह सीने में जलन जैसी समस्या को भी खत्म करता है।
कोलेस्ट्रॉल कम करने में है फायदेमंद
- ओट्स के सेवन से हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या में भी बहुत लाभकारी माना जाता है। इससे कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रण में रखने में मदद मिलती है, जिससे हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा काफी कम हो जाता है। इसके अलावा यह त्वचा और बालों के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होता है।
नोट: प्रिया पांडेय योग्य और अनुभवी डायटिशियन (आहार विशेषज्ञ) हैं। उन्होंने कानपुर के सी.एस.जे.एम. विश्वविद्यालय से मानव पोषण में बी.एस.सी. किया है। उन्होंने कानपुर के आभा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आहार विशेषज्ञ के रूप में काम किया है। उन्होंने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में पोषण व्याख्यान के विषय के प्रतिनिधि के रूप में भी भाग लिया है। उनका इस क्षेत्र में 8 वर्ष का लंबा अनुभव है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।