शरीर को स्वस्थ रखने में जिन अंगों की सबसे बड़ी भूमिका मानी जाती है, लिवर का स्थान उनमें शीर्ष पंक्ति में है। हम जो खाना खाते हैं, उससे मिलने वाले पोषक तत्वों को शरीर के काम लायक बनाने से लेकर हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने तक, लिवर लगातार कई जरूरी काम करता रहता है। यह शरीर में विटामिन और खनिजों को जमा करने, पाचन के लिए पित्त बनाने और ब्लड शुगर के स्तर को संतुलित रखने में भी मदद करता है। यानी शरीर के अंदर कई जरूरी प्रक्रियाएं लिवर के सही तरीके से काम करने पर निर्भर करती हैं।
हेल्थ टिप्स: आपकी ये पसंदीदा चीजें लिवर के लिए हो सकती हैं जहर? समय रहते संभल जाएं
लिवर को नुकसान पहुंचाने के लिए सिर्फ शराब ही जिम्मेदार नहीं है। ज्यादा चीनी वाले पेय, तली-भुनी चीजें, फास्ट फूड और अधिक नमक वाले प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ भी लिवर पर बुरा असर डाल सकते हैं। इनके नियमित सेवन से फैटी लिवर और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
पहले जानिए शराब लिवर को कैसे नुकसान पहुंचाती है?
जब हम शराब पीते हैं तो उसे संसाधित करने का बड़ा काम लिवर को करना पड़ता है। शराब को तोड़ने की प्रक्रिया के दौरान ऐसे पदार्थ बन सकते हैं जो लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं। नियमित और अधिक सेवन लिवर पर लगातार दबाव डालता रहता है।
- शुरुआत में लिवर में फैट जमा होने यानी फैटी लिवर की समस्या हो सकती है। अगर शराब का सेवन जारी रहता है तो कुछ लोगों में सूजन, लिवर की कोशिकाओं को नुकसान और आगे चलकर लिवर में स्कार जैसी गंभीर समस्याएं भी विकसित हो सकती हैं। यही कारण है कि शराब को लिवर के लिए सबसे बड़े जोखिमों में गिना जाता है।
लेकिन अगर आप शराब नहीं पीते, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपका लिवर पूरी तरह सुरक्षित है।
मीठे पेय भी लिवर के लिए बन सकते हैं परेशानी
कोल्ड ड्रिंक, मीठे सोडा, मीठे पैक्ड जूस और दूसरे शुगर वाले पेय का अधिक सेवन लिवर के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
- इन पेय में अक्सर काफी मात्रा में एडेड शुगर होती है। जब शरीर को जरूरत से ज्यादा चीनी मिलती है तो इससे मिलने वाली अतिरिक्त कैलोरी फैट में बदलने लगती है। इससे शरीर में फैट बढ़ने के साथ लिवर में भी फैट जमा होने का खतरा बढ़ सकता है।
- लंबे समय तक ऐसी आदत वजन बढ़ने, इंसुलिन के सही तरीके से काम न करने और टाइप-2 मधुमेह जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है।
तली-भुनी चीजों से खतरा
समोसा-पकौड़े, फ्रेंच फ्राइज, पूरी और दूसरी तली हुई चीजें स्वाद में भले ही अच्छी लगती हों, लेकिन इन्हें रोजाना या बहुत ज्यादा खाना लिवर के लिए अच्छा नहीं माना जाता।
- इन चीजों में कैलोरी और अस्वास्थ्यकर वसा की मात्रा अधिक हो सकती है।
- लगातार अधिक मात्रा में ऐसी चीजें खाने से शरीर में अतिरिक्त फैट बढ़ सकती है और लिवर में भी फैट जमा होने की समस्या पैदा हो सकती है।
- इसके अलावा, ज्यादा तला-भुना खाना वजन और कोलेस्ट्रॉल बढ़ने जैसी समस्याओं का कारण भी बन सकता है।
ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड से भी सावधान
लिवर की सेहत के लिए सिर्फ चीनी और फैट पर ही ध्यान देना काफी नहीं है। खाने में बहुत ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों की अधिकता भी शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
- डिब्बाबंद सूप, पैकेट वाले नमकीन, चिप्स, इंस्टेंट नूडल्स, फास्ट फूड में सोडियम की मात्रा काफी ज्यादा हो सकती है। इन्हें नियमित रूप से और ज्यादा मात्रा में खाने से ब्लड प्रेशर बढ़ने सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
- लिवर की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए नमक की अधिकता और भी चिंता का विषय हो सकती है।
डॉक्टर कहते हैं, लिवर की सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए शराब से दूरी बनाना जरूरी है, इसके साथ खान-पान की दूसरी आदतों पर भी ध्यान देना जरूरी है। मीठे पेय, बहुत ज्यादा तला-भुना खाना, फास्ट फूड और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। घर का संतुलित भोजन, पर्याप्त पानी, फल-सब्जियां और नियमित शारीरिक गतिविधि लिवर सहित पूरे शरीर के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।