समय के साथ जिन अंगों से संबंधित बीमारियों का खतरा काफी तेजी से बढ़ता हुआ देखा जा रहा है, लिवर उनमें से एक है। भोजन के पाचन, पोषक तत्वों के अवशोषण से लेकर शरीर के कार्यों के लिए आवश्यक हार्मोन्स के उत्पादन में लिवर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कहीं आप भी लिवर की समस्याओं के शिकार तो नही हैं?
Liver Problem: लिवर की बीमारियों में आंखों-त्वचा पर भी देखे जाते हैं ऐसे लक्षण, इनपर गंभीरता से दें ध्यान
लिवर की बीमारियों के संकेत
डॉक्टर कहते हैं, लिवर की बीमारियों में हमेशा लक्षण दिखें ऐसा जरूरी नहीं है, कई लोगों में इसके लक्षण तब तक नहीं दिखते हैं जब तक लिवर को गंभीर क्षति न हो चुकी हो। पाचन से संबंधित विकारों का लंबे समय तक बने रहना इस अंग की समस्या का संकेतक माना जाता है। पर चेहरे, हाथों और त्वचा में होने वाली कई तरह की दिक्कतों के आधार पर भी लिवर रोगों का पता लगाया जा सकता है।
थकान-शरीर में दर्द बने रहना
अगर आपको अक्सर थकान की समस्या बनी रहती है और समय के साथ यह बढ़ती जाती है तो ये लिवर की बीमारी का एक संकेत हो सकता है। विशेष रूप से जैसे-जैसे दिन ढलता है, लिवर की समस्या वाले लोगों को हड्डियों में दर्द और सहनशक्ति में कमी महसूस होने लगती है। इसका मुख्य कारण विषाक्त पदार्थों का शरीर से बाहर न निकलना है। लिवर की समस्या के कारण शरीर से अपशिष्ट ठीक तरीके से बाहर नहीं निकल पाते हैं जिसके कारण आपको इस तरह की समस्याएं हो सकती हैं।
पीलिया की समस्या
लिवर की बीमारियों के कुछ लक्षण आपकी त्वचा और आंखों पर भी नजर आ सकते हैं। लिवर की बीमारी के शिकार लोगों में पीलिया रोग का खतरा रहता है इसके कारण ऐसे लोगों को त्वचा-आंखों में पीलापन बने रहने, नसें दिखने, चेहरे पर लाल-मवाद से भरे दाने होने और मोम के नुमा त्वचा के निकलने की समस्या भी हो सकती है। त्वचा की इन दिक्कतों के साथ आपको पाचन में भी समस्या रहती है तो समय रहते उपचार के लिए डॉक्टर से जरूर मिलें।
त्वचा में खुजली की दिक्कत
लिवर की समस्याओं के कारण अक्सर त्वचा में अत्यधिक खुजली भी होने की समस्या देखी जाती है। शरीर में पित्त जमा होने के कारण ऐसी समस्याएं होती हैं। यह बेहद कष्टप्रद भी हो सकती है, जिससे अक्सर नींद की दिक्कतों का भी खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा लिवर की समस्याओं के कारण शरीर से विषाक्त पदार्थों के ठीक तरीके से न निकल पाने की स्थिति में भी त्वचा में इस तरह की समस्याएं हो सकती हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।