पिछले दो साल से अधिक समय तक पूरी दुनिया कोरोना संक्रमण की चपेट में है। कोरोनावायरस के तमाम वैरिएंट्स ने अब तक वैश्विक स्तर पर गंभीर तबाही मचाई है। फिलहाल दुनियाभर में कोरोना के सबसे संक्रामक माने जा रहे ओमिक्रॉन वैरिएंट का कहर जारी है। रिपोर्ट्स में इसके कारण होने वाले संक्रमण के लक्षणों को तो काफी हल्का बताया जा रहा है, हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि इस खतरे को हल्के में लेने की गलती न करें। ओमिक्रॉन के कारण भी संक्रमितों के मौत के मामले देखने को मिल रहे हैं।
Omicron Variant: संक्रमण के कारण आंखें भी हो सकती हैं प्रभावित, रोगियों में देखे जा रहे हैं ऐसे लक्षण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ओमिक्रॉन संक्रमण का आंखों पर असर
अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी (एएओ) के एक अध्ययन से पता चलता है कि कोरोनावायरस के संक्रमण के कारण लगभग 1 से 3 प्रतिशत लोगों की आंखें प्रभावित हो सकती हैं। मुख्यरूप से संक्रमण के कारण लोगों को कंजंक्टिवाइटिस (आंखे आना) या पिंक आइज की समस्या हो सकती है। ओमिक्रॉन से संक्रमण के कारण भी कुछ लोगों में आंखों से संबंधित लक्षणों के बारे में पता चलता है, जिसको लेकर लोगों को अलर्ट रहने की आवश्यकता है।
संक्रमण के कारण आंखों में लक्षण
नेत्र रोग विशेषज्ञ बताते हैं, कोरोनावायरस के कुछ वैरिएंट से संक्रमण के कारण लोगों में आंखों से संबंधित लक्षणों के बारे में पता चलता है। अध्ययनों में पाया गया है कि कोविड-19 से संक्रमित लगभग 11 प्रतिशत रोगियों को आंखों की समस्या भी होती है। संक्रमितों में इससे संबंधित कई तरह के लक्षण देखे जा सकते हैं।
- आंखों का लाल होना और जलन
- आंखों में दर्द की समस्या
- आंखों से पानी आना
- पलकों में सूजन
- कंजंक्टिवाइटिस (आंख आना)
कोरोना संक्रमण के दौरान आंखों में समस्या के मामले
अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी (एएओ) के अध्ययन से पता चलता है ओमिक्रॉन सहित कोरोना के तमाम वैरिएंट्स के कारण लोगों को कंजंक्टिवाइटिस की समस्या हो सकती है। कंजंक्टिवाइटिस, कंजंक्टिवा में सूजन या संक्रमण के कारण होती है। कंजंक्टिवा एक पतली झिल्ली होती है जो आंखों के सफेद हिस्से और पलकों के अंदर को ढकती है। साल 2020 में कोविड-19 के कारण अस्पताल में भर्ती 301 लोगों पर किए गए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि 11.6 प्रतिशत रोगियों को इस तरह की समस्या हो सकती है।
आंखों की सेहत का रखें ख्याल
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना संक्रमण के दौरान अपनी आंखों को सुरक्षित रखने के लिए कुछ उपायों को प्रयोग में लाया जा सकता है। इसके लिए समय-समय पर हाथों को धोते रहें। अपनी आंखों को बार-बार छूने या रगड़ने से बचें। आंखों की साफ-सफाई का ध्यान रखें। यदि आप संक्रमित है और आपमें आंखों से संबंधित लक्षण बने हुए हैं तो खुद से किसी भी दवा या आई-ड्रॉप्स के इस्तेमाल की जगह डॉक्टर की सलाह पर ही किसी दवा को प्रयोग में लाएं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।