नए आनंद-नए उमंग के साथ साल 2023 का जश्न मनाया जा रहा है। कई प्रकार के सुधार के नजरिए से नए साल को काफी आशावादी रूप से देखा जा रहा है। विशेषकर नए साल में सेहत को लेकर और बेहतर प्रयासों की उम्मीद की जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जहां लोगों में चिंता-तनाव और अवसाद के मामले काफी बढ़ रहे हैं, आत्महत्या की खबरें अक्सर सुनने को मिल रही हैं, इन सबको ध्यान में रखते हुए मानसिक स्वास्थ्य सुधार हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
New Year Resolution: मानसिक स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता, इसे बेहतर बनाने के लिए इन बातों का ध्यान रखना जरूरी
आहार की पौष्टिकता पर दें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिस तरह से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्वों से भरपूर चीजों की आवश्यकता होती है, मन के साथ भी ऐसा ही है। हम जिस तरह के आहार का सेवन करते हैं उसका सीधा असर हमारे मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। इस दिशा में सुधार के लिए विशेषज्ञों ने स्वस्थ आहार जिसमें फल, सब्जियां, साबुत अनाज और कम वसा वाली चीजें शामिल हों, उनके सेवन की सलाह दी है। पोल्ट्री, मछली, अंडे, बीन्स और नट्स भी मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मददगार हैं।
रोजाना योग-व्यायाम जरूरी
हम सभी जानते हैं कि व्यायाम हमारे सेहत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। शारीरिक समस्याओं से बचाने के साथ इसके मानसिक स्वास्थ्य में भी लाभ देखे गए हैं। नियमित व्यायाम आपको रिफ्रेश रखने में सहायक है। इसके अलावा यह न केवल अवसाद और चिंता को कम करने में प्रभावी है, साथ ही इससे आपके जीवन की गुणवत्ता भी बढ़ती है। सभी उम्र के लोगों को दिनचर्या में योग-व्यायाम को जरूर शामिल करना चाहिए।
मन को दें आराम
हमारे शरीर की ही तरह से मन को भी आराम की जरूरत होती है, इसके लिए उपाय करके आप मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रख सकते हैं। नए लोगों से मिलने और सामाजिक संबंध बनाने से फील गुड हार्मोन रिलीज होता है जो आपको खुशी देता है। अच्छा मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने में इससे मदद मिल सकती है। इसके अलावा मस्तिष्क को आराम देने के साथ अच्छे संगीत का आनंद लें, गहरी सांस लेने वाले अभ्यास करें।
धूम्रपान-शराब से बिल्कुल दूरी बनाएं
धूम्रपान-शराब का न केवल शरीर के अंगों पर दुष्प्रभाव होता है, साथ ही इससे मानसिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर हो सकता है। मादक पदार्थ मस्तिष्क में हार्मोन्स के असंतुलन का कारण बन सकते हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि ऐसे लोगों में चिंता-तनाव और अवसाद जैसे विकारों का जोखिम भी अधिक होता है, इसलिए मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए धूम्रपान-शराब से बिल्कुल दूरी बनाएं।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।