Medically reviewed by-
कोरोना संक्रमण ने लोगों को कई तरह से प्रभावित किया है। कोरोना के प्रकोप के चलते लोगों को तरह-तरह की स्वास्थ्य जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना काल में सुरक्षा की दृष्टि से घरों से बाहर जाना और शारीरिक गतिविधि काफी कम हो गई, जिसका सीधा असर लोगों के वजन पर देखने को मिल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक कोरोना काल में लोगों के वजन में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली है, वहीं जो लोग पहले से ही मोटापा के शिकार थे, उनमें जटिलताएं इतनी अधिक हो गई हैं कि उनके लिए दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों को करना भी कठिन हो गया है। वजन बढ़ने के साथ शारीरिक निष्क्रियता के कारण भी लोगों को कई तरह की समस्याएं हो रही हैं, जिनसे लोग छुटकारा पाने के तमाम उपाय कर रहे हैं।
इस लेख में हम आपको ऐसी ही तमाम बीमारियों के एक घरेलू उपाय-जीरे के पानी के फायदे के बारे में बताने जा रहे हैं। जीरा, हर घर में प्रमुख मसाले के रूप में प्रयोग किया जाता है, पर क्या आप इसके फायदों के बारे में जानते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जीरे में थाइमोल नामक एक रसायन होता है जो अग्न्याशय से महत्वपूर्ण एंजाइम और पित्त का उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद करता है।
आइए आगे की स्लाइडों में जीरा का पानी पीने से होने वाले तमाम फायदों के बारे में जानते हैं।
राहत: वजन कम करने के लिए रामबाण है यह औषधि, पाचन और डायबिटीज की समस्याओं में भी फायदेमंद
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जीरे के पानी का सेवन वजन को कम करने में बहुत फायदेमंद हो सकता है। एक अध्ययन के दौरान मोटापा ग्रस्त 78 लोगों को 2 महीने के लिए दिन में 3 बार जीरे का सेवन करने के लिए दिया गया। अध्ययन के निष्कर्ष में शोधकर्ताओं ने पाया कि यह शरीर के फैट में उल्लेखनीय कमी करने के साथ इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार करने और पेट के आकार को कम करने में भी बेहद सहायक उपाय हो सकता है। मोटापा ग्रस्त लोगों के लिए यह घरेलू उपचार काफी लाभदायक साबित हो सकता है।
आयुर्वेद के मुताबिक, जीरे में मधुमेह रोधी गुण पाए जाते हैं। ऐसे में जीरे का पानी शुगर लेवल (शर्करा का स्तर) को नियंत्रित करने में उपयोगी हो सकता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए नियमित रूप से जीरे के पानी का सेवन फायदेमंद हो सकता है। जीरा आपके शरीर को इंसुलिन के प्रति अधिक संवेदनशील बनाता है और रक्त शर्करा के स्तर को कम करने में बेहद लाभदायक हो सकता है।
कैंसर को भी कम करने के गुण
जीरे में कई ऐसे शक्तिशाली यौगिक मौजूद होते हैं जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से सरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यह प्राकृतिक रूप से लिवर के डिटॉक्सीफिकेशन को बढ़ावा देने के साथ सभी अपशिष्टों को भी शरीर से बाहर करने में सहायक है। जीरा में ऐसे यौगिक होते हैं जो लिवर के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ पाचन एंजाइमों को उत्तेजित करते हैं। यह आपके शरीर को भोजन से अधिक पोषण प्राप्त करने में मदद करता है।
पाचन की समस्याओं से दिला सकता है छुटकारा
जीरे में शक्तिशाली एंटी-एसिडिक रसायन होते हैं जो इरेटेबल बाउल सिंड्रोम से समस्या से बचाते हैं। इसके अलावा जीरे के पानी के सेवन से अपच, पेट फूलने और पेट दर्द जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। यह पाचन को बेहतर और मजबूत बनाता है। इसके अलावा जीरे के पानी को आंतों के लिए अच्छा माना जाता है। यह आंतों को स्वस्थ रखता है। नियमित रूप से जीरे के पानी के सेवन के पेट संबंधी कई अन्य लाभ भी हो सकते हैं।
------------------
नोट: यह लेख प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य आचार्य मनीष के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आचार्य मनीष, शुद्धी आयुर्वेद के संस्थापक हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।