ज्यादातर लोग जिम जाते हैं या एक्सरसाइज करते हैं तो साथ में प्रोटीन पाउडर जरूर लेते हैं। बाजार में भी बहुत तरह के प्रोटीन पाउडर मिलते हैं जिनका दावा होता है कि इसको पीने से शरीर में प्रोटीन की कमी दूर होगी। लेकिन क्या आप जानते है आपके द्वारा ली गई भोजन की मात्रा में इतना प्रोटीन होता है जिससे आपकी रोज की आवश्यकता पूरी हो जाएगी। तो आइए जानते है क्या कहते है विशेषज्ञ।
एक्सपर्ट बताते हैं कि हमारे शरीर को 0.8 से 1 ग्राम प्रोटीन की जरूरत शरीर के एक किलो वजन के बराबर पड़ती है। इस तरह अगर आपका वजन 65 किलो है तो आपको 60 से 65 ग्राम प्रोटीन की जरूरत पड़ती है। इतना प्रोटीन तो हम अपने भोजन में ले कर पूरा कर सकते हैं। लेकिन गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली महिलाओं या फिर खेल कूद से जुड़े लोगों की बात यहां नहीं की जा रही है।
डायटीशियन बताते हैं कि बहुत से लोग बिना किसी अच्छे विशेषज्ञ की सलाह के प्रोटीन पाउडर का प्रयोग करने लगते हैं जोकि गलत है। बहुत से लोग नहीं जानते कि दिन भर में दाल और दूध के सेवन के जरिए हमारे शरीर को पर्याप्त प्रोटीन मिल जाता है। अगर आप कसरत करने के बाद अपने आहार का विशेष ख्याल रखते हैं तो आपको अतिरिक्त प्रोटीन की जरूरत नहीं पड़ेगी।
दिन भर में एक घंटा वर्कआउट करने वालों को अतिरिक्त प्रोटीन की जरूरत नहीं होती है। इतना प्रोटीन तो हम अपने रोज के आहार में दूध, अंडा, चिकन से पूरी कर सकते हैं। अगर आप अपने शरीर की जरूरतों के अलावा प्रोटीन को ग्रहण करते हैं तो फिर इसका प्रभाव किडनी पर पड़ता है।