अच्छी सेहत के लिए खान-पान में सुधार करना जरूरी हो जाता है। हमें आहार में उन चीजों की मात्रा बढ़ा देनी चाहिए जिससे शरीर को आवश्यक अधिकतर पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति हो सके। जिन लोगों का खान-पान ठीक रहता है उनमें मोटापा, डायबिटीज, हृदय रोग और कमजोरी जैसी समस्याओं का खतरा कम देखा गया है। हालांकि फास्ट फूड और प्रोसेस्ड भोजन की आदत सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा रही है जिसे लेकर सभी लोगों को अलर्ट रहना चाहिए।
Diet Tips: हेल्दी रहना है तो चावल खाना छोड़ दें या नहीं? जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ
- चावल, कार्बोहाइड्रेट का प्रमुख स्रोत है। क्या आपके आहार में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा है? क्या कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें जैसे चावल खाना सेहत के लिए ठीक है?
आहार में कार्बोहाइड्रेट भी जरूरी
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, कार्बोहाइड्रेट को अक्सर हम लोग नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यह शरीर की ऊर्जा का मुख्य स्रोत है। रोटी, चावल, दलिया, ओट्स और साबुत अनाज से मिलने वाला कार्बोहाइड्रेट शरीर को दिनभर काम करने की ताकत देता है। हालांकि इसकी अधिकता वजन बढ़ाने वाली और डायबिटीज का कारण भी हो सकती है।
तो क्या चावल खाना बिल्कुल छोड़ देना चाहिए?
चावल, कार्बोहाइड्रेट का प्रमुख स्रोत है। चावल खाने से शरीर को कैलोरी मिलती है जिससे थकान कम होती है और दिनभर काम करने की क्षमता बनी रहती है। इसके अलावा चावल में थोड़ी मात्रा में प्रोटीन, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स और मिनरल्स भी पाए जाते हैं, जो मेटाबॉलिज्म को बेहतर रखने में मदद करते हैं। हालांकि इसका अधिक सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
चावल खाने से क्या दिक्कतें होती हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सफेद चावल में फाइबर कम होता है और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी ज्यादा होता है, जिसका मतलब है कि यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकता है। ज्यादा सफेद चावल खाने से डायबिटीज टाइप-2 का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा ज्यादा चावल खाने से वजन बढ़ने की आशंका भी रहती है, क्योंकि इसमें कैलोरी अधिक होती है।
कुछ अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि लगातार ज्यादा मात्रा में सफेद चावल खाने से पेट की चर्बी बढ़ सकती है। यदि चावल के साथ प्रोटीन और फाइबर न लिया जाए, तो यह पोषक तत्वों की कमी भी पैदा कर सकता है।
क्या चावल छोड़ देना चाहिए?
अक्सर लोग वजन घटाने या शुगर कंट्रोल करने के लिए चावल पूरी तरह छोड़ने की सोचते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह जरूरी नहीं है। सफेद चावल की जगह ब्राउन राइस बेहतर विकल्प माने जाते हैं, क्योंकि इनमें फाइबर और पोषक तत्व ज्यादा होते हैं। अगर चावल को संतुलित मात्रा में सेवन किया जाए तो ये नुकसानदायक नहीं माना जाता है।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।