संक्रमण के जोखिम को कम करके कई प्रकार की गंभीर बीमारियों के खतरे से बचे रहने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को आहार में उन चीजों को शामिल करने की सलाह देते हैं, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने में मददगार हों। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं इम्युनिटी पावर मजबूत रहने से संक्रामक रोगों के साथ कई गंभीर क्रोनिक बीमारियों का खतरा कम होता है।आहार और दिनचर्या को ठीक रखकर प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत किया जा सकता है। हमारे घरों में कई ऐसी चीजें मौजूद होती हैं जो इम्युनिटी बढ़ाने के साथ शरीर को स्वस्थ रखने में विशेष मददगार मानी जाती हैं।
Health Tips: जबरदस्त इम्युनिटी बूस्टर हैं ये तीन औषधियां, सर्दियों में इनका सेवन कई बीमारियों से देगा सुरक्षा
इम्युनिटी पावर बढ़ाने के लिए क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं इम्युनिटी पावर बढ़ाना सतत प्रक्रिया है जिसपर लगातार प्रयास करते रहने की आवश्यकता होती है। इसके लिए आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखना, नियमित शारीरिक गतिविधि, बेहतर नींद लेना और चिंता कम करने करने वाले प्रयास करना लाभकारी माना जाता है। वजन को कम रखना भी बेहतर प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए आवश्यक है।
आहार विशेषज्ञ बताते हैं हम सभी के घरों में कई ऐसी प्रभावी औषधियां मौजूद होती हैं जिनको प्रयोग में लाकर इम्युनिटी पावर को बढ़ाने में विशेष लाभ मिल सकता है, आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
तुलसी की पत्तियों का सेवन
तुलसी की पत्तियों का वर्षों से कई प्रकार की बीमारियों के घरेलू उपचार के तौर पर प्रयोग किया जाता रहा है। इसमें एंटी-इंफ्लामेटरी और एंटी-बायोटिक गुण मौजूद होते हैं जो सांस की समस्याओं, पाचन विकारों से राहत देने में मददगार हैं। तुलसी का सेवन इम्युनिटी पावर को बढ़ाने के साथ गले के संक्रमण को कम करने में भी सहायक है। वायरस, संक्रमण और एलर्जी से बचे रहने के लिए इसका नियमित सेवन सुनिश्चित करें।
हल्दी के विशेष लाभ
हल्दी में करक्यूमिन नामक यौगिक पाया जाता है जिसे अध्ययनों में कई प्रकार से संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए लाभकारी पाया गया है। कई प्रकार के औषधीय गुणों वाले हल्दी में वायरल बीमारियों के जोखिम को कम करने और शरीर को बीमारियों से लड़ने में मदद करने वाले गुण पाए जाते हैं। हल्दी प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देती है, इसका सेवन भोजन या फिर दूध में मिलाकर किया जा सकता है। हल्दी वाला दूध शरीर से थकान को कम करने और अच्छी नींद प्राप्त करने में भी सहायक है।
अदरक का करें सेवन
सामान्य सर्दी और खांसी के अलावा ठंड के मौसम के दुष्प्रभावों को कम करने में अदरक से लाभ पाया जा सकता है। ठंड के मौसम में अदरक की चाय आपको तरोताजा करने और सिरदर्द को कम करने में मददगार है। अदरक में पाया जाने वाला जिंजरोल गले की खराश और जोड़ों की परेशानी को कम करने के लिए एक उत्कृष्ट उपाय है। यह आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने के साथ बीमारियों से बचाने में मददगार औषधि है।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।