अच्छी सेहत का मतलब है शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मेंटल हेल्थ का भी ध्यान रखना। हालांकि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में काम के दबाव, आर्थिक और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ भविष्य की चिंता लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ाती जा रही है। इस तरह की परिस्थितियों के कारण कभी-कभार तनाव महसूस होना सामान्य है। लेकिन जब यही तनाव लगातार बनी रहती है तो सेहत के लिए खतरा हो सकता है।
मेंटल हेल्थ: अक्सर रहती है सिरदर्द और बेचैनी? कहीं स्ट्रेस का शिकार तो नहीं हैं आप
स्ट्रेस का असर सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य पर नहीं, बल्कि शरीर पर भी पड़ता है। लगातार चिंता, नींद में बदलाव, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन और भूख कम या ज्यादा होना इसके संकेत हो सकते हैं। अगर तनाव रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगे तो डॉक्टर की मदद लें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मानसिक तनाव की समस्या के कारण लगातार सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, दिल की धड़कन तेज होने और पेट की समस्याएं हो सकती हैं। परेशानी यह है कि लोग अक्सर इन संकेतों को सामान्य थकान समझकर टाल देते हैं। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते तनाव के लक्षणों को पहचानें और डॉक्टर की मदद लें।
आइए जानते हैं कि आप कैसे पहचान सकते हैं कि कहीं आपको भी तो स्ट्रेस की दिक्कत नहीं है?
अक्सर बनी रहती है बेचैनी?
- अगर छोटी-छोटी बातों पर भी चिंता होने लगे, मन अशांत रहे और किसी काम में ध्यान न लगे, तो यह तनाव का संकेत हो सकता है। कई बार आप बिना किसी स्पष्ट वजह के भी परेशान महसूस कर सकते हैं। लगातार बनी रहने वाली ये समस्याएं स्ट्रेस का संकेत हो सकती हैं।
नींद की हो रही है दिक्कत?
स्ट्रेस होने पर कुछ लोगों को रात में नींद नहीं आती, जबकि कुछ लोग जरूरत से ज्यादा सोने लगते हैं। स्ट्रेस के कारण सुबह उठने के बाद भी आपको थकान महसूस हो सकती है। रात में बार-बार नींद खुलना भी परेशानी का संकेत हो सकता है।
- इसके अलावा लगातार सिरदर्द, गर्दन और कंधों में अकड़न या शरीर में दर्द भी तनाव का संकेत हो सकता है।
- तनाव के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव बढ़ जाता है, जिसके कारण आपको अक्सर दर्द बना रह सकता है।
ये संकेत भी हो सकते हैं स्ट्रेस का लक्षण?
- कुछ लोग तनाव में ज्यादा खाने लगते हैं, जबकि कुछ की भूख कम हो जाती है। इसके साथ पेट में गड़बड़ी, एसिडिटी या पाचन संबंधी परेशानी भी हो सकती है।
- छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, बात-बात पर रोना, लोगों से दूरी बनाना और किसी काम में मन नहीं लगना भी तनाव के संकेत हो सकते हैं।
- तनाव के दौरान शरीर में एड्रेनालिन जैसे हार्मोन का स्तर बढ़ सकता है। इससे दिल की धड़कन तेज होने, पसीना आने और बेचैनी महसूस हो सकती है।
कब हो जाएं सावधान?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, स्ट्रेस की समस्या वैसे तो कुछ समय में अपने आप ठीक हो जाती है, पर अगर लगातार स्ट्रेस बना रहे तो सावधान हो जाइए। अगर कई दिनों या हफ्तों से तनाव बना हुआ है, इसके कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं साथ ही नींद और भूख की दिक्कत हो रही है तो डॉक्टर या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लें।
- अगर तनाव के कारण काम, परिवार और सामाजिक जीवन पर असर पड़ रहा है, तो मदद लेने में देरी नहीं करनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर काउंसलिंग, साइकोथेरेपी या दूसरे उपचार के तरीकों से मदद मिल सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
