अक्तूबर के इस महीने में हर साल देश में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ते हुए देखे जाते रहे हैं। एक बार फिर राजधानी दिल्ली में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं, अक्तूबर के पहले 5 दिनों में 300 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले सितंबर में कुल 693 केस दर्ज किए गए। इन आंकड़ों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सभी लोगों को इस खतरे से सावधानी बरतते रहना चाहिए। डेंगू कुछ स्थितियों में गंभीर और जानलेवा भी हो सकता है, ऐसे में इसे हल्के में लेने की गलती बिल्कुल न करें।
सेहत की बात: डेंगू से तेज रिकवरी में बेहद मददगार है इन चीजों का सेवन, जल्द दूर होगी कमजोरी-थकान
तरल पदार्थों के सेवन पर दें ध्यान
डेंगू के दौरान और ठीक होने के बाद, दोनों ही स्थितियों में तरल पदार्थों के सेवन की आवश्यकता होती है। रोजाना खूब सारा तरल पदार्थ पीना सुनिश्चित करें। पानी के अलावा काढ़ा, हर्बल टी और सूप का सेवन भी कर सकते हैं। तरल पदार्थों के माध्यम से शरीर को हाइड्रेटेड रखने और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलती है। डेंगू में प्रभावित हुए प्लेटलेट्स को बढ़ाने के लिए भी हाइड्रेशन का ध्यान रखना बहुत आवश्यक माना जाता है।
विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स का सेवन
डेंगू के दौरान शरीर में कम हुए माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की पूर्ति के लिए उन चीजों का सेवन करें जो विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स से पूर्ण माने जाते हैं। इसके लिए आहार में हरी सब्जियों और मौसमी फलों को शामिल करना बेहतर विकल्प हो सकता है। पपीता, सेब और अनार जैसे फल विटामिन-ए, विटामिन-सी, एंटीऑक्सिडेंट और फाइबर आदि पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ पाचन में सुधार करने और शरीर की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को ठीक रखने में सहायक होते हैं। इन चीजों का सेवन आपको जल्दी ठीक होने में मदद कर सकता है।
आयुर्वेदिक औषधियां और मसाले
हल्दी, अदरक, लहसुन, काली मिर्च, दालचीनी, इलायची, और जायफल जैसे मसालों और जड़ी-बूटियों में कई ऐसे गुण मौजूद होते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने और इम्युनिटी को बढ़ाने में आपके लिए मददगार हो सकते हैं। कई मसालों में एंटीफंगल, एंटीवायरल, एंटीमाइक्रोबायल, एंटी-बैक्टीरिया और प्रतिरक्षा-बढ़ाने वाले तत्व पाए जाते हैं जो डेंगू से तेज रिकवरी पाने में आपकी मदद कर सकते हैं। काढ़े या फिर भोजन के माध्यम से इनका सेवन सुनिश्चित करके लाभ पाया जा सकता है।
आहार में प्रोबायोटिक्स को करें शामिल
डेंगू से तेज रिकवरी में प्रोबायोटिक्स आपके लिए विशेष रूप से सहायक हो सकते हैं। प्रोबायोटिक्स गुड बैक्टीरिया का स्रोत होते हैं जो हमारे पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने और प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने में सहायक हैं। डॉक्टर्स कहते हैं, सही आहार का सेवन करके न सिर्फ डेंगू से रिकवरी को बेहतर किया जा सकता है साथ ही यह आपको डेंगू के जोखिम से बचाने में भी मदद करता है। स्वस्थ और पौष्टिक चीजों का सेवन करके बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।