डायबिटीज, शरीर के सबसे गंभीर समस्याओं में से एक है। इसके कारण होने वाली ब्लड शुगर असंतुलन पूरे शरीर के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। आमतौर पर डायबिटीज को दिल और किडनी जैसे अंगों के लिए नुकसानदायक माना जाता है, पर क्या आप जानते हैं कि यह मांसपेशियों और उनसे जुड़े छोटे-छोटे टेंडन्स के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है? शुगर का असंतुलित स्तर इन टेंडन्स पर बुरा असर डाल सकता है जिसके कारण कई तरह की गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इतना ही नहीं शरीर को हिलने-डुलने तक में यह दर्द और तकलीफ का कारण बन सकते हैं।
सावधान: हृदय और किडनी ही नहीं, मांसपेशियों के लिए भी खतरनाक है डायबिटीज, रोगियों को हो सकती हैं ऐसी दिक्कतें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टेंडन्स का क्षति के कारण हो सकती हैं ऐसी समस्याएं:
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक टेंडन्स के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में कई तरह की समस्याएं उभर सकती हैं।
- फ्रोजन शोल्डर: कन्धों के जोड़ों में सूजन, अकड़न और दर्द
- रोटेटर कफ टियर्स: यह स्थिति भी कंधों के जोड़ों की मांसपेशियों और टेंडन्स के क्षतिग्रस्त होने से बनती है।
- ट्रिगर फिंगर या ट्रिगर थम्ब: हाथों की अँगुलियों और अंगूठे में दर्द, सूजन और अकड़न के साथ ही हर बार जोड़ों के मुड़ने पर सीधा करने पर क्लिक की आवाज आना।
- कार्पल टनल सिंड्रोम: कम्प्यूटर व अन्य गैजेट्स पर लगातार काम करने के कारण यह समस्या आजकल वैसे भी आम है। उसपर अगर डायबिटीज हो तो इसकी गंभीरता और बढ़ सकती है। इससे कलाइयों में सुन्नपन, कमजोरी और झनझनाहट महसूस होने जैसे लक्षण उभरते हैं।
- डिपविट्रेन्स कंट्रक्चर: हाथ में त्वचा के नीचे स्थित ऊतकों (टिशूज़) का मोटा हो जाना या फूल जाना इस समस्या का संकेत है। इसकी वजह से अंगुलियां हथेली की ओर मुड़ने लगती हैं और समय पर इलाज न किया जाए तो अंगुलियां हमेशा के लिए खराब भी हो सकती हैं।
सावधानी बरतना बहुत जरूरी
टेंडन्स का टूटना या क्षतिग्रस्त होना एक गंभीर समस्या है क्योंकि एक बार ऐसा होने के बाद यदि ठीक से ध्यान न रखा जाए तो यह फिर से टूट सकते हैं, इसलिए जरूरी है कि इन्हें टूटने से बचाया जाए और यदि टूट गए हैं तो सही इलाज और सावधानियों का पूरा ध्यान रखा जाए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक टेंडन्स को स्वस्थ रखने के लिए एक्सरसाइज बेहतर उपाय हो सकता है। व्यायाम वैसे तो पूरे शरीर के लिए ही फायदेमंद है लेकिन डायबिटीज के कंट्रोल में यह बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पैरों की एड़ी में भी डायबिटिक लोगों को कई बार तकलीफ होती है और इससे भी नियमित व्यायाम बाधित होता है। इसलिए जरूरी है कि समस्या होते ही तुरंत इलाज लिया जाए और एक्सरसाइज को जारी रखा जाए। तकलीफ के हिसाब से डॉक्टर आपको व्यायाम के तरीकों में बदलाव करने को कह सकते हैं।
इन उपायों से मिल सकता है लाभ
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए शुगर लेवल को नियंत्रित रखना सबसे पहला काम है और इसके लिए आपको डाइट,व्यायाम, दिनचर्या और दवाई चारों को ध्यान में रखना होगा। इससे आप बहुत हद तक टेंडन्स को क्षतिग्रस्त होने से बचा सकते हैं। अगर इसके बावजूद समस्या होती है तो डॉक्टर से यह राय लें कि कहां अतिरिक्त काम करने की जरूरत है। डॉक्टर जांचों के बाद आपको सही कारण और सही इलाज दोनों के बारे में बता सकते हैं। कई बार वजन कम करने से भी टेंडन्स पर से दबाव हटने लगता है और तकलीफ कम होती है।गर्म सेकाई, विशेष एक्सरसाइज या फिजियोथैरेपी आदि से भी लाभ मिल सकता है। डायबिटीज के कारण शरीर के तमाम अंगों को नुकसान का खतरा रहता है इसलिए जरूरी है कि इसे नियंत्रित में रखने के प्रयास लगातर किए जाते रहें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। अमर उजाला इस दावे की पुष्टि नहीं करता है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।