क्या सुबह सोकर उठने के बाद आपका चेहरा भी सूजा-सूजा सा दिखाई देता है? आंखों के आसपास सूजन, पलकों में भारीपन या गाल भी भारी-भारी से महसूस होते हैं?
जानना जरूरी: सुबह उठते ही सूजा-सूजा सा दिखता है चेहरा, कहीं ये चिंता का कारण तो नहीं?
सुबह उठते ही चेहरे पर सूजन दिखना अक्सर शरीर में तरल पदार्थ जमा होने, ज्यादा नमक खाने, नींद की कमी या एलर्जी के कारण हो सकता है। हालांकि, लगातार सूजन को अनदेखा नहीं करना चाहिए, ये किडनी या थायरॉइड की समस्या का संकेत भी हो सकता है।
आमतौर पर शरीर में तरल पदार्थों के जमा होने के कारण सुबह उठने पर चेहरे और आंखों के आसपास हल्की सूजन दिखाई दे सकती है। उठने और कुछ समय तक सक्रिय रहने के बाद यह सूजन कम हो जाती है। अगर ऐसा कभी-कभार होता है और दूसरे लक्षण नहीं हैं, तो सामान्यतः चिंता की बात नहीं होती।
ज्यादा नमक खाना और नींद की कमी
अगर आप चिप्स, नमकीन, अचार, इंस्टेंट नूडल्स या दूसरे सोडियम वाले खाद्य पदार्थ ज्यादा खाते हैं, तो शरीर में पानी रुकने की समस्या बढ़ सकती है।
- इसका असर अगली सुबह चेहरे पर सूजन के रूप में दिख सकता है। इसके अलावा, बहुत कम या जरूरत से ज्यादा नींद लेने से भी आंखों के आसपास सूजन नजर आ सकती है। इसलिए संतुलित खानपान और नियमित नींद बहुत जरूरी मानी जाती है।
एलर्जी और साइनस की समस्या
सुबह चेहरे पर सूजन आने के पीछे कई बार एलर्जी भी एक कारण हो सकती है। बिस्तर की धूल, डस्ट परागकण, पालतू जानवरों के बाल या त्वचा पर इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ उत्पाद एलर्जी पैदा कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में आंखों में खुजली, पानी आने, छींकें आने या नाक बंद होने जैसे लक्षण भी हो सकते हैं।
- साइनस की समस्या में भी आंखों और चेहरे के आसपास भारीपन महसूस हो सकता है। अगर किसी नए स्किन केयर प्रोडक्ट या दवा के इस्तेमाल के बाद सूजन शुरू हुई है, तो डॉक्टर से सलाह लें।
किडनी-थायरॉइड की बीमारी
अगर चेहरे की सूजन अक्सर रहती है और लंबे समय तक बनी रहती है इसके पीछे कई बार कुछ स्वास्थ्य स्थितियां भी कारण हो सकती हैं।
- किडनी की कुछ बीमारियों में शरीर से अतिरिक्त तरल पदार्थ और सोडियम निकालने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इससे आंखों के आसपास या शरीर के दूसरे हिस्सों में सूजन आ सकती है। हाइपोथायरॉइडिज्म यानी थायरॉइड हार्मोन की कमी से भी चेहरे पर सूजन की दिक्कत हो सकती है।
चेहरे की सूजन कम करने के लिए क्या करें?
- रात में ज्यादा नमक वाले और अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें
- रोजाना अच्छी और नियमित नींद लेने की कोशिश करें।
- सुबह चेहरे पर कुछ मिनट ठंडी पट्टी रखने से हल्की सूजन में राहत मिल सकती है।
- सिर को थोड़ा ऊंचा रखकर सोने से कुछ लोगों में चेहरे पर तरल पदार्थ जमा होने की समस्या कम हो सकती है।
- बिना डॉक्टर की सलाह के सूजन कम करने वाली दवाएं या पानी निकालने वाली दवाएं न लें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।