हम सभी के घरों में भोजन पकाने के लिए एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल होता है। पेट्रोलियम गैस के लिक्विड फार्म के रूप में एलपीजी गैस ने भोजन पकाने को काफी आसान बना दिया है। पर क्या ये हमारी सेहत के लिहाज से सुरक्षित है? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि कुछ शोध बताते हैं कि एलपीजी गैस पर पकाया गया भोजन हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है, इतना नुकसान कि इससे कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा हो सकता है।
Alert: एलपीजी गैस सेहत के लिए कितने सुरक्षित? वैज्ञानिकों ने कहा- बंद स्टोव से भी निकलते रहते हैं खतरनाक रसायन
एलपीजी गैस स्टोव सेहत के लिए कितने हानिकारक?
शोधकर्ताओं ने एलपीजी गैस के कारण होने वाले दुष्प्रभावों को जानने के लिए अध्ययन किया जिसमें कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। जर्नल एनवायरमेंटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी में प्रकाशित अध्ययन में शोधकर्ताओं ने गैस स्टोव से उत्सर्जित होने वाले कम से कम 12 खतरनाक वायु प्रदूषकों के बारे में जानकारी दी है जिनमें बेंजीन भी शामिल है। बेंजीन एक ऐसा रसायन जिसके लंबे समय तक संपर्क में रहने से यह कैंसर का कारण बन सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने पाया, चालू ही नहीं बंद स्टोप से भी बेंजीन उत्सर्जित होती रहती है। यह उसी प्रकार से हानिकारक है जितना सेकेंड हैंड स्मोकिंग।
अध्ययन में क्या पता चला?
पीएसई हेल्दी एनर्जी के शोधकर्ताओं ने कैलिफोर्निया की 16 काउंटियों में 159 घरों में स्टोव से निकलने वाले गैस के सैंपल लिए, उनमें से 99% नमूनों में बेंजीन मिला। शोधकर्ताओं ने रसोई के आकार, कमरे के वेंटिलेशन स्तर, कितना रसायन मौजूद था और क्या स्टोव बंद होने पर भी ये लीक हो रहा था, इन मुद्दों के आधार पर किसी घर में बेंजीन के कारण होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों का आकलन किया।
परिणाम में पाया गया कि स्टोव से निकलने वाले बेंजीन की इनडोर सांद्रता, कैलिफोर्निया पर्यावरण संरक्षण एजेंसी द्वारा निर्धारित सुरक्षित जोखिमों के स्तर से सात गुना तक अधिक थी।
बेंजीन से कई प्रकार के रोगों का खतरा
अध्ययनकर्ताओं की टीम ने बताया समय के साथ बेंजीन के संपर्क के कारण व्यक्ति में रक्त विकार या प्रजनन संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। यह रसायन ल्यूकेमिया, मल्टीपल मायलोमा और नान-हॉजकिन लिंफोमा जैसी समस्याओं का भी कारण बन सकती है। शोधकर्ता कहते हैं, जब कैंसर से खतरे की बात आती है तो बेंजीन के संपर्क का कोई सुरक्षित स्तर नहीं है। लेकिन बेंजीन ही एकमात्र चिंताजनक रसायन नहीं है जो स्टोव से आता है, शोध से पता चला है कि गैस स्टोव घर के अंदर वायु प्रदूषण के भी खतरे को बढ़ा रहा है।
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
एक अन्य अध्ययन में एलपीजी गैस स्टोव के कारण आठ में से एक बच्चे में अस्थमा का जोखिम भी देखा गया है। अध्ययन के लेखकों में से एक एरिक लेबेल कहते हैं, गैस स्टोव से बेंजीन उत्सर्जन होता रहता है भले ही वह बंद हो, ये स्थिति धूम्रपान करने वाले के साथ रहने के बराबर है।
जिस तरह से वैश्विक स्तर पर एलपीजी गैस पर लोगों की निर्भरता है, ऐसे में इसके उपयोग को कैसे कम किया जा सकता है, ये सोचने वाली बात है। फिलहाल सुरक्षात्मक तौर पर भोजन को ढक कर पकाने और किचन में वेंटिलेशन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना बहुत आवश्यक है।
----------------
स्रोत और संदर्भ
Composition, Emissions, and Air Quality Impacts of Hazardous Air Pollutants in Unburned Natural Gas from Residential Stoves in California
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।