हाई कोलेस्ट्रॉल, हृदय स्वास्थ्य के लिए बड़ी समस्या रही है। ये धमनियों में जमा होकर रक्त के सामान्य प्रवाह को बाधित कर देती है जिसके कारण हृदय रोग और हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थितियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। हृदय रोग विशेषज्ञ कहते हैं, दिल की बढ़ती बीमारियों के लिए हाई कोलेस्ट्रॉल बड़ा जोखिम कारक है, गड़बड़ लाइफस्टाइल और आहार की समस्या भी इसके लिए खतरनाक मानी जाती है।
High Cholesterol: धनिया की पत्तियों से कम होता है कोलेस्ट्रॉल? जानिए इस सस्ती पर बेहद कारगर औषधि के बारे में
धनिया से कम होता है कोलेस्ट्रॉल?
धनिया, हमारी सेहत के लिए कितनी लाभकारी है इस बारे में किए गए अध्ययनों में इसके अद्भुत स्वास्थ्य लाभ के बारे में पता चलता है। कुछ जानवरों और टेस्ट-ट्यूब अध्ययनों से पता चलता है कि धनिया की पत्तियां हृदय रोग के जोखिम कारकों को कम कर सकती है, जिसमें उच्च रक्तचाप और एलडीएल (खराब) कोलेस्ट्रॉल शामिल है। अध्ययन में पाया गया कि चूहों को धनिया के बीज दिए जाने पर एलडीएल (बैड) कोलेस्ट्रॉल में उल्लेखनीय कमी और एचडीएल (गुड) कोलेस्ट्रॉल में वृद्धि देखी गई। ये हृदय की सेहत को ठीक रखने में आपके लिए काफी लाभकारी है।
ब्लड प्रेशर भी रहता है कंट्रोल
एक अन्य शोध की रिपोर्ट में पाया गया कि धनिया का अर्क मूत्रवर्धक के रूप में कार्य करता है, जो आपके शरीर से अतिरिक्त सोडियम को बाहर निकालने में मदद करती है। इससे आपका रक्तचाप कंट्रोल रहता है। गौरतलब है कि हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या के साथ हाई ब्लड प्रेशर भी हृदय रोगों के लिए गंभीर जोखिम कारक है। धनिया की पत्तियों और बीज के सेवन से इन दोनों के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।
डायबिटीज में धनिया के लाभ
धनिया को उन लोगों की सेहत के लिए भी फायदेमंद पाया गया है जो ब्लड शुगर बढ़े रहने की समस्या से परेशान रहते हैं। पशु अध्ययनों से पता चलता है कि धनिया के बीज का सेवन, एंजाइम गतिविधि को बढ़ावा देकर रक्त शर्करा को कम करता है, जिससे डायबिटीज को कंट्रोल में रखना आसान हो सकता है।
मोटापे और उच्च रक्त शर्करा वाले चूहों पर किए गए अध्ययन में पाया गया कि धनिया के बीज के अर्क की एक खुराक ने 6 घंटे में रक्त शर्करा को 4 mmol/L तक कम कर दिया, हालांकि ये वैकल्पिक चिकित्सा का ही हिस्सा है।
इसकी एंटीऑक्सीडेंट गुण बनाती है खास
अध्ययनकर्ताओं ने बताया, धनिया में वैसे तो कई औषधीय गुण होते हैं पर इसे सबसे खास बनाती है इसकी एंटीऑक्सीडेंट प्रापर्टी। एंटीऑक्सीडेंट वाली चीजें, शरीर में फ्री रेडिकल्स के कारण होने वाले जोखिमों को कम करती हैं जो न सिर्फ त्वचा के लिए फायदेमंद है, साथ ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने में भी इसके लाभ हैं। शोधकर्ताओं ने पाया आहार में एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा को बढ़ाकर क्रोनिक बीमारियों के बढ़ते जोखिम से सुरक्षित रहा जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।