H5N1 Alert: दुनियाभर में पिछले एक दशक में कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों के मामले देखे गए। कोरोना महामारी हो, बर्ड फ्लू या फिर म्यूकोरमाइकोसिस, इन सभी के कारण बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित देखा गया। हालिया रिपोर्ट्स में कुछ देशों में एक बार फिर से H5N1 संक्रमण (बर्ड फ्लू) के मामले बढ़ते हुए देखे गए हैं, जिसको लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अलर्ट किया है।
Alert: फिर चिंता बढ़ाने लगा कोरोना से भी खतरनाक माना जाने वाला H5N1 वायरस, इस देश में अलर्ट जारी
- हाल के महीनों में बर्ड फ्लू के नए म्यूटेशनों को लेकर एक ब्रीफिंग के दौरान 'नई महामारी की आशंका' के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए विशेषज्ञों ने अलर्ट जारी किया था।
- ताजा मामलों में कंबोडिया के स्वास्थ्य मंत्रालय देश में H5N1 के मामलों की सूचना दी है। यहां इस साल बर्ड फ्लू का एक और केस देखा गया है।
बर्ड फ्लू के लगातार देखे जाते रहे हैं मामले
इस साल की शुरुआत से ही बर्ड फ्लू को लेकर वैश्विक स्तर पर काफी चर्चा होती रही है। बर्ड फ्लू मूल रूप से पक्षियों में पाया जाता है हालांकि इसका खतरा मनुष्यों में भी हो सकता है। इंसानों में संक्रमण गंभीर और घातक भी हो सकते हैं।
बर्ड फ्लू को आमतौर पर मुर्गियों और पक्षियों में संक्रमण फैलाने वाला माना जाता रहा है, हालांकि पिछले कुछ वर्षों में इससे पहली बार गायों, इंसानों को भी संक्रमित देखा गया है। इसी साल फरवरी में आई एक रिपोर्ट में शोधकर्ताओं की टीम ने पहली बार चूहों में भी इससे संक्रमण की पुष्टि की गई थी।
मार्च 2024 में एच5एन1 का संक्रमण पहली बार डेयरी गायों में पाया गया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं जिन स्थानों पर इस संक्रामक रोग के मामले बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं वहां पर सभी लोगों को बचाव को लेकर गंभीरता से उपाय करते रहना जरूरी है। मुर्गियों, संक्रमित पक्षियों और जिन जानवरों में इस संक्रमण का जोखिम है उनसे दूरी बनाकर रखना बहुत जरूरी है।
भारत में भी रहा है खतरा
भारत में भी बर्ड फ्लू के मामले देखे जाते रहे हैं। जनवरी में सामने आई रिपोर्ट्स में महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक पोल्ट्री फार्म में करीब 4,200 चूजे मृत और 60 से अधिक कौए भी बर्ड फ्लू से मारे गए थे। एक अधिकारी ने बताया था कि कई गांवों में पिछले कुछ हफ्तों में बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हुईं।
कोरोना से कई गुना खतरनाक है ये संक्रमण
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह संक्रमण कोविड-19 से कई गुना अधिक खतरनाक हो सकता है। हाल के महीनों में बर्ड फ्लू के नए म्यूटेशनों को लेकर एक ब्रीफिंग के दौरान 'नई महामारी की आशंका' के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए विशेषज्ञों ने अलर्ट जारी किया था। वैज्ञानिकों के अनुसार, वायरस एक ऐसे बिंदु के करीब पहुंच रहा है जहां यह दुनियाभर में महामारी ला सकता है।
पिट्सबर्ग में जाने-माने बर्ड फ्लू विशेषज्ञ डॉ. सुरेश कुचिपुड़ी ने चेतावनी दी थी कि एच5एन1 अब इंसानों के लिए भी खतरा बढ़ाता जा रहा है।
--------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।