शरीर को बेहतर पोषण के लिए कई प्रकार के पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है, प्रोटीन उनमें से एक है। शरीर के ऊतकों के निर्माण और मरम्मत के साथ, एंजाइम-हार्मोन बनाने में प्रोटीन की आवश्यकता होती है। हड्डियों, रक्त, त्वचा और मांसपेशियों के निर्माण के लिए भी प्रोटीन का भरपूर मात्रा में सेवन किया जाना जरूरी होता है। आहार में कई ऐसी चीजें हैं जिनके सेवन से प्रोटीन की आसानी से पूर्ति की जा सकती है।
Healthy Diet: सर्दियों में प्रोटीन का सबसे अच्छा स्रोत है ये सब्जी, इससे शुगर लेवल बढ़ने का भी खतरा नहीं
प्रोटीन का बेहतर स्रोत है मटर
हरी मटर में कार्ब्स, प्रोटीन और फाइबर, विटामिन-ए और विटामिन-के सहित कई लाभकारी पोषक तत्व होते हैं। इनमें उचित मात्रा में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं। ये सब्जी पॉलीफेनॉल एंटीऑक्सीडेंट का भी समृद्ध स्रोत है, जो आपको कई क्रोनिक बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती है।
हरी मटर प्रोटीन के सबसे अच्छे पौधे पर आधारित स्रोतों में से एक है, जो फाइबर की उच्च मात्रा के कारण भूख को कम करती है साथ ही इसके कई बीमारियों में भी इससे लाभ हो सकते हैं।
शुगर का स्तर रहता है कंट्रोल
हरी मटर में कई गुण होते हैं इनमें से एक है रक्त शर्करा को नियंत्रित करने में सहायक गुण। ये लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) वाली सब्जी है, जिसका मतलब है कि इसके सेवन से आपका रक्त शर्करा नहीं बढ़ता है। इसके अलावा, हरी मटर फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होती है, जो रक्त शर्करा को नियंत्रित करने के लिए फायदेमंद हो सकती है। डायबिटीज के शिकार लोग भी मटर का सेवन करके स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
पाचन स्वास्थ्य में मददगार है फाइबर
मटर में प्रभावशाली मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। सबसे पहले, फाइबर आपकी आंतों में मौजूद गुड बैक्टीरिया को पोषण देता है, उन्हें स्वस्थ रखता है और अस्वास्थ्यकर बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकता है। ये कुछ सामान्य गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्थितियों- इंफ्लामेटरी बाउल सिंड्रोम और कोलन से संबंधित बीमारियों के विकास के जोखिम को कम कर सकती है। इसे दैनिक आहार में शामिल करने से कई प्रकार के लाभ हो सकते हैं।
हृदय की सेहत में होता है सुधार
हरी मटर में मैग्नीशियम, पोटेशियम और कैल्शियम जैसे हृदय-स्वास्थ के लिए आवश्यक खनिजों की भी अच्छी मात्रा होती है। इन पोषक तत्वों से भरपूर आहार उच्च रक्तचाप को रोकने में सहायक हो सकते हैं, जिससे हृदय रोगों का जोखिम कम होता है। हरी मटर में उच्च फाइबर सामग्री भी होती है जो कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मददगार है। कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने वाले गुण के कारण इससे हृदय स्वास्थ्य में विशेष लाभ मिल सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।