World Food Safety Day 2024: गर्मियों में पाचन से संबंधित समस्याओं का खतरा अधिक देखा जाता रहा है। भोजन के रखरखाव में गड़बड़ी, बैक्टीरिया-वायरस से दूषित आहार का सेवन करने से फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा गर्मी के दिनों में निर्जलीकरण का भी जोखिम रहता है जिसके कारण भोजन के पाचन पर नकारात्मक असर हो सकता है। ये स्थितियां अपच-गैस और पेट फूलने जैसी दिक्कतें बढ़ा सकती हैं।
World Food Safety Day: गर्मियों में पेट फूलने और गैस की हो सकती है दिक्कत, इन चीजों का कम कर दें सेवन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पेट की समस्याओं का जोखिम
दिल्ली स्थित अस्पताल में गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ रिजवान खान बताते हैं, पेट में दर्द और सूजन का सबसे आम कारण आंतों में अत्यधिक गैस बनना है। अगर आपको खाने के बाद अक्सर पेट फूला हुआ महसूस होता है, तो यह पाचन संबंधी समस्या का संकेत है। कुछ प्रकार की अंतर्निहित बीमारियों के कारण इसका जोखिम देखा जाता रहा है। इसके अलावा आहार के चयन में गड़बड़ी और पाचन में कठिन चीजों का सेवन करने के कारण गैस और पेट फूलने की दिक्कत हो सकती है।
आइए जानते हैं कि गैस-पेट फूलने की समस्या से बचे रहने के लिए किन चीजों से बचाव करना चाहिए।
राजमा-बीन्स से बढ़ सकती हैं दिक्कतें
गर्मियों में राजमा, बीन्स, छोले जैसी पाचन में कठिन चीजों के अधिक सेवन से बचना चाहिए। इनका पाचन तो कठिन होता ही है साथ ही ये गैस पैदा करने वाले खाद्य पदार्थ हैं। आमतौर पर दालें और बीन्स प्रोटीन से भरपूर होते हैं लेकिन इनका पाचन कठिन होने के कारण गैस बनने लगती है, जो पेट में सूजन का कारण बन सकती है। गर्मी के दिनों में ज्यादा तली-भुनी चीजों के सेवन से भी बचना चाहिए।
क्रूसिफेरस सब्जियां बढ़ा सकती हैं समस्या
ब्रोकली एक क्रूसिफेरस सब्जी है, जिसका गर्मी के दिनों में सीमित मात्रा में ही सेवन करना चाहिए। इसमें रैफिनोज नामक शर्करा होती है जिसे पचाना कठिन होता है। इससे गैस और पेट फूलने की समस्या हो सकती है। रात में ब्रोकली खाने से अपच भी हो सकती है जिसके कारण रात की नींद के भी बाधित होने का खतरा रहता है।
लहसुन और प्याज के नुकसान
लहसुन को इसके कई पोषण गुणों और इससे मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों के कारण सुपरफूड माना जाता है। हालांकि, लहसुन में फ्रुक्टेन नामक तत्व भी होते हैं जो पेट फूलने और गैस का कारण बन सकते हैं। इससे एसिड रिफ्लक्स का खतरा भी हो सकता है। इसी तरह से प्याज में भी फ्रुक्टेन की मात्रा होती है जो एक प्रकार का कार्बोहाइड्रेट है जो गैस और सूजन का कारण बन सकता है। अगर आपको पेट फूलने की समस्या है, तो रात के खाने में प्याज खाने से बचें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।