करवाचौथ, देशभर में विवाहित महिलाओं द्वारा मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसमें पति की लंबी उम्रक और बेहतर स्वास्थ्य के लिए पूजा आराधना और व्रत किया जाता है। ये व्रत निर्जल होता है और सूर्योदय से चंद्रोदय तक चलता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, व्रत के दौरान महिलाओं को अपनी सेहत को लेकर भी सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है।
Karwa Chauth 2023: व्रत के दौरान कमजोरी या लो हो जाए ब्लड प्रेशर तो क्या करें? इन उपायों को जानना जरूरी
कमजोरी और लो ब्लड प्रेशर की समस्या?
अमर उजाला से बातचीत में डायटीशियन अनामिका सिंह बताती हैं, हाइपोटेंशन जिसे आमतौर पर निम्न रक्तचाप के रूप में जाना जाता है, व्रत के दौरान ये समस्या होना काफी सामान्य है। इसके कारण आपको गंभीर कमजोरी, चक्कर आने, सिरदर्द, सांस लेने में तकलीफ और थकान की दिक्कत भी हो सकती है। यदि ध्यान न दिया गया तो स्थिति इतनी गंभीर हो सकती है कि आपको बेहोश आ सकती है और उपवास तोड़ना पड़ सकता है। इसलिए जरूरी है कि पहले से ही इसके लिए सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।
क्यों होती है इस तरह की दिक्कत?
डायटीशियन अनामिका बताती हैं, उपवास के दौरान कमजोरी-बेहोशी और लो ब्लड प्रेशर की समस्या होना सामान्य है। ये शरीर में ऊर्जा के लिए आवश्यक ग्लूकोज की कमी के कारण होने वाली दिक्कत है। ग्लूकोज, ऊर्जा के लिए सबसे आवश्यक होता है और भोजन के माध्यम से हमें आवश्यक मात्रा में ग्लूकोज प्राप्त होती रहती है।
करवा चौथ के दौरान भोजन और पानी दोनों की कमी के कारण आपको गंभीर जटिलताओं का अनुभव हो सकता है।
व्रत के पहले के आहार पर ध्यान देना जरूरी
करवाचौथ के व्रत के दौरान होने वाली समस्याओं से बचाव के लिए जरूरी है कि व्रत के पहले स्वस्थ और पौष्टिक चीजों का भरपूर सेवन किया जाए। हाइड्रेशन का ध्यान रखना आपके लिए बहुत आवश्यक है। इसके लिए खूब पानी पिएं, कैफीन युक्त पेय से बचें। सरगी के दौरान पौष्टिक फल-सब्जियों का सेवन करें जो शरीर में पोषक तत्वों का संचय कर सके।
नारियल पानी पीने से इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन ठीक रहता है जो आपको कमजोरी से बचाने में मदद करती है।
इन बातों का रखें ध्यान
डायटीशियन अनामिका बताती हैं, यदि आपको अक्सर ब्लड प्रेशर या डायबिटीज की समस्या है तो व्रत से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
ज्यादातर मामलों में व्रत से पहले स्वस्थ आहार और हाइड्रेशन की ध्यान रखने से इस तरह की समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। यदि व्रत के दौरान आपको किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या हो रही है, चक्कर आ रहा है तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।