शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की सेहत को ठीक रखने के लिए स्वस्थ आहार और नियमित व्यायाम के साथ अच्छी नींद की भी आवश्यकताओं पर स्वास्थ्य विशेषज्ञ जोर देते हैं। अच्छी नींद लेने से हार्मोन्स का संतुलन बेहतर बन रहता है साथ ही मस्तिष्क को आराम मिलता है। अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि अगर आपकी एक रात भी नींद पूरी नहीं होती है तो इसके कारण शरीर पर दुष्प्रभाव हो सकते हैं। ये स्थिति आपमें थकान-कमजोरी और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याओं के जोखिम को बढ़ाने वाली हो सकती है।
Sleep Disorder: अच्छी नींद में बाधक है ये गड़बड़ आदत, नींद की क्वालिटी में सुधार के लिए करें ये काम
बढ़ा हुआ स्क्रीनटाइम और नींद की समस्या
कई अध्ययनों में इस बात को लेकर चिंता जताई जाती रही है कि जिस प्रकार से लोगों में मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल की आदत देखी जा रही है, ये न सिर्फ नींद की समस्या को बढ़ा रही है साथ ही इसके कारण वजन बढ़ने और मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर देखा जा रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया शाम को दो या अधिक घंटे का स्क्रीन टाइम नींद के लिए आवश्यक मेलाटोनिन को गंभीर रूप से बाधित कर सकता है। यही कारण है कि विशेषज्ञ सोने से कम से कम एक घंटा पहले सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बंद करने की सलाह देते हैं।
अच्छी नींद चाहते हैं तो खाइए फैटी फिश
फैटी फिश कई प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं जिनकी नियमित रूप से हमारे शरीर को आवश्यकता होती है। शोध अध्ययन में पाया गया कि बेहतर नींद चाहते हैं तो आहार में फैटी फिश को शामिल करना अच्छा विकल्प हो सकता है। कई महीनों तक किए गए अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों ने प्रति सप्ताह तीन बार फैटी फिश खाई, उनकी नींद की गुणवत्ता में काफी सुधार देखा गया।
नट्स भी हैं लाभकारी
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, नट्स सभी लोगों के लिए जरूरी हैं। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए नट्स का सेवन करना आपके लिए लाभकारी माना जाता है। अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि बादाम और अखरोट जैसे नट्स को आहार में शामिल करके आप नींद से संबंधित समस्याओं के खतरे को भी कम कर सकते हैं। पिस्ता और काजू को नींद विकारों को दूर करने वाले लाभकारी नट्स में से एक माना जाता है।
हल्दी दूध भी फायदेमंद
शोधकर्ताओं ने पाया कि नींद से संबंधित विकारों को दूर करने के लिए नियमित रूप से हल्दी वाले दूध का सेवन करना आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। ऐसा माना जाता है कि हल्दी वाले दूध में शरीर को आराम देने वाले गुण होते हैं। इसकी एंटी-इंफ्लामेटरी गुण और तंत्रिका तंत्र को शांत करने की क्षमता शरीर को आराम देती है और अच्छा नींद प्राप्त करने में भी सहयक है।
सोने से पहले गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पीने से नींद की समस्याओं को दूर करने में लाभ पाया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।