हमारे घरों में कई ऐसी औषधियां मौजूद होती हैं, जिन्हें अध्ययनों में सेहत के लिए विशेष लाभकारी पाया गया है। ज्यादातर औषधियों को हम सभी रोजाना मसालों के रूप में तो प्रयोग में लाते रहते हैं पर इससे होने वाले फायदों से अनजान होते हैं। दालचीनी ऐसा ही बेहद गुणकारी मसाला है, जिसे कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को कम करने में कारगर पाया गया है। शोध से पता चलता है कि दालचीनी में एंटीऑक्सीडेंट्स के साथ कई प्रकार के प्लांट बेस्ड कंपाउंड्स मौजूद होते हैं, जिससे शरीर को विशेष लाभ प्राप्त हो सकता है। डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं के जोखिम को कम करने में भी इस औषधि के लाभ हो सकते हैं।
Health Tips: क्या दालचीनी से वास्तव में कम होता है ब्लड शुगर लेवल? जानिए इस औषधि के अन्य स्वास्थ्य लाभ
क्या डायबिटीज रोगियों को मिलता है इससे लाभ?
दालचीनी से होने वाले फायदों के बारे में किए गए शोध में वैज्ञानिकों की टीम ने पाया कि डायबिटीज के रोगियों को दालचीनी से लाभ मिल सकता है। यह इंसुलिन संवेदनशीलता को बढ़ावा देने में सहायक औषधि है। इंसुलिन हार्मोन, मेटाबॉलिज्म और ऊर्जा के उपयोग को नियंत्रित करता है। डायबिटीज के शिकार लोगों में इंसुलिन के प्रति प्रतिरोधी हो जाता है, जिसके कारण ब्लड शुगर का लेवल बढ़ जाता है। शोध बताते हैं कि इंसुलिन संवेदनशीलता को बढ़ाकर, दालचीनी ब्लड शुगर के स्तर को कम करने में मदद करती है।
दिल की बीमारियों का जोखिम होता है कम
दालचीनी को हृदय रोगों का जोखिम कम करने वाला भी माना जाता है। एक समीक्षा अध्ययन के अनुसार, प्रतिदिन कम से कम 1.5 ग्राम दालचीनी का सेवन ट्राइग्लिसराइड्स और बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में विशेष लाभकारी हो सकती है। दोनों ही, हृदय रोग के जोखिम कारक हैं। दालचीनी का सेवन करने से दिल की बीमारियों का जोखिम कम होता है। भोजन के साथ इस औषधि का सेवन करना शरीर को कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ दे सकता है।
न्यूरोडीजेनेरेटिव समस्याओं में भी लाभदायक
दालचीनी को अध्ययनों में न्यूरोडीजेनेरेटिव समस्याओं के जोखिम को कम करने वाला माना जाता है। इसका सेवन तंत्रिकाओं के विकार को कम करने और अल्जाइमर-पार्किंसंस जैसे रोग के खतरे को कम करने में लाभकारी पाया गया है। शोध में पाया गया कि दालचीनी में पाए जाने वाले कुछ यौगिक मस्तिष्क में टाऊ नामक प्रोटीन के निर्माण को रोकते हैं, जो अल्जाइमर रोग का कारण हो सकती है।
वायरल संक्रमण से भी मिलती है सुरक्षा
शोध बताते हैं कि दालचीनी कुछ प्रकार के वायरस के कारण होने वाली बीमारी से बचाने में मदद करती है। इन्फ्लूएंजा और डेंगू मच्छरों द्वारा प्रसारित वायरल संक्रमण के जोखिमों को कम करने में भी दालचीनी के सेवन के फायदे देखे गए हैं। वैज्ञानिकों ने पाया कि दालचीनी का सेवन करके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद मिल सकती है जो कई गंभीर वायरल संक्रमण के खतरे से बचाने में आपके लिए मददगार है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।