आर्थराइटिस यानी कि गठिया, तेजी से बढ़ती हड्डियों की गंभीर समस्या है। आंकड़ों के मुताबिक देश में 180 मिलियन (18 करोड़) से अधिक लोग इस दर्दकारक स्थिति के साथ जी रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में जिक्र मिलता है कि मधुमेह, एड्स और कैंसर जैसी कई गंभीर बीमारियों की तुलना में इसका प्रसार कहीं अधिक है। लगभग 14% भारतीय लोगों को हर साल गठिया की समस्या हो रही है। जोड़ों में सूजन और दर्द की यह समस्या जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करते हुए आपके लिए उठने-चलने जैसे सामान्य दैनिक कार्यों को भी काफी मुश्किल बना देती है। दुर्भाग्यवश, अब कम उम्र के लोगों में भी यह समस्या बढ़ती हुई देखी जा रही है।
Health Tips: आर्थराइटिस रोगियों के लिए बहुत फायदेमंद है ग्रीन-टी, जानिए और किन घरेलू उपायों से मिल सकता है लाभ
ग्रीन-टी से गठिया में लाभ
गठिया की समस्याओं से राहत दिलाने में शोधकर्ताओं ने ग्रीन-टी के सेवन को लाभकारी पाया है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट, आर्थराइटिस के कारण होने वाली सूजन की समस्या को कम करने में सहायक माना जाता है। वैज्ञानिकों को इस बात के प्रमाण मिले हैं कि ग्रीन-टी के अर्क या इसमें पाया जाना वाला विशिष्ट घटक, गठिया के लक्षणों को कम करने में आपके लिए सहायक हो सकता है। ग्रीन-टी का सेवन गठिया के साथ कई अन्य क्रोनिक स्वास्थ्य समस्याओं में भी आपके लिए लाभकारी हो सकता है।
पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सा में हल्दी का जिक्र
हल्दी को वर्षों से दर्द निवारक औषधि के तौर पर प्रयोग में लाया जाता रहा है। इसका मुख्य घटक, करक्यूमिन एंटी-इंफ्लामेटरी गुणों के लिए जाना जाता है। पारंपरिक आयुर्वेदिक और चीनी चिकित्सा में भी हल्दी के उपयोग से गठिया के दर्द और सूजन में लाभ देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि हल्दी का सेवन या फिर हल्दी लगाने से गठिया के लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है।
एलोवेरा से दर्द और सूजन में मिल सकता है लाभ
गठिया की समस्या से राहत पाने के लिए एलोवेरा वैकल्पिक चिकित्सा में सबसे अधिक इस्तेमाल की जाने वाली जड़ी-बूटियों में से एक है। एलोवेरा में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण पाए जाते हैं जो सूजन और दर्द की समस्या को कम करने में आपके लिए सहायक हो सकती है। आमतौर पर गठिया के दर्द के लिए उपयोग किए जाने नॉनस्टेरॉइडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स (NSAIDs) दवाओं पर इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं देखा गया है। दर्द और सूजन की समस्या को कम करने के लिए एलोवेरा का सेवन किया जा सकता है।
अदरक में होते हैं एंटी-इंफ्लामेटरी गुण
अदरक का इस्तेमाल भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए वर्षों से किया जाता रहा है। इसके कई औषधीय फायदे भी देखे गए हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि अदरक में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण होते हैं, जो पुराने ऑस्टियोआर्थराइटिस और जोड़ों-मांसपेशियों में दर्द को कम करने में आपके लिए सहायक हो सकता है। आहार में अदरक को शामिल करके इस तरह की समस्याओं से राहत पाया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।