कांच के बर्तनों का इस्तेमाल हम रोज तो नहीं करते हैं लेकिन फिर भी रखे- रखे ही यह चमक खोने लगते हैं इसलिए बहुत जरूरी है कि हमें पता हो कि इनका सही तरीके से ध्यान कैसे रखा जाता है और इनकी सफाई कैसे होना चाहिए। कांच के गिलास आदि के सेट में से यदि एक भी टूट जाता है तो पूरा सेट बिगड़ जाता है, ऐसे में बहुत जरूरी है कि इनकी सफाई के दौरान इनकी नाजुकता का भी ख्याल रखा जाए। वार-त्योहार निकट है, ऐसे में अधिकतर घरों में कांच के बर्तन बाहर निकल आते हैं। अगली स्लाइड्स से जानिए कांच के बर्तनों को साफ रखने का सही तरीका।
कांच के बर्तनों को इन आसान और सही तरीकों से करें साफ, नहीं खोएंगे चमक
सिरके का करें उपयोग
कट डिजाइन की शीशे की क्रॉकरी में दाग लग जाने पर इनको साफ करना थोड़ा मुश्किल होता है। इसका सबसे आसान तरीका यह है कि क्रॉकरी को सिरका मिले गर्म पानी में एक घंटे के लिए रखें, फिर नायलॉन के स्क्रबर से रगड़ें। फिर धोने के बाद तुरंत पोंछ लें, कांच के बर्तनों में पहले जैसी चमक आ जाएगी।
तौलिया लगाकर धोएं
कांंच के बरतन अक्सर सर्फ से धोते वक्त चिकनाहट के कारण हाथ से गिर जाते हैं और टूट जाते हैं। ऐसे में इन्हें टूटने से बचाने के लिए बर्तन साफ करते समय सिंक में पुराना तौलिया लगा दें, इससे अगर बर्तन झाग के कारण हाथ से गिर भी जाते हैं तो टूटने का डर नहीं रहेगा।
नींबू के छिलके का करें इस्तेमाल
कांच के बर्तन बहुत दिन से उपयोग में नहीं लिए हैं और जब अचानक उन्हें काम में लेने के लिए निकाला है तो आपको ऐसा लग रहा है कि वे अपनी चमक खो चुके हैं। ऐसी स्थिति में आप पानी में नींबू का छिलका मिलाएं और कपड़े से गिलास को पानी में ही साफ करें। कांच के बर्तन पहले की तरह चमक उठेंगे।
एक में एक डालकर न रखें
कांच के गिलास को कभी भी एक में एक डालकर न रखें। ऐसा करने से उन पर स्क्रैच आने लगते हैं। कभी-कभी काम आने वाले क्रॉकरी सेट को अलमारी में अलग से रखें या फिर काम में लेने के बाद रद्दी के कागज में लपेटकर किसी सुरक्षित स्थान पर रख दें।