राजस्थान में सरकारी शिक्षक बनने का ख्वाब देख रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी रीट (REET) के लिए आवेदन फार्म में संशोधन के लिए आखिरी मौका मिल रहा है। आवेदन फार्म में ऑफलाइन संशोधन के लिए आवेदन करने के लिए 15 मार्च अंतिम तिथि रखी गई है। यह संशोधन सिर्फ परीक्षा के विषय और भाषा में ही मान्य होंगे और इनके लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। बता दें कि राजस्थान सरकार अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार, राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। इसके लिए राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी रीट (REET) परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल, 2021 को किया जाना है। इस संशोधन के संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। नोटिफिकेशन के अनुसार, प्रत्येक संशोधन के लिए 300 रुपए का भुगतान रीट को-ऑर्डिनेटर के नाम पोस्टल ऑर्डर/ बैंक डिमांड ड्राफ्ट के जरिये करना होगा। जिन अभ्यर्थियों ने अपना संशोधन आवेदन अंतिम तिथि 25 फरवरी के बाद भेजा है उन्हें भी दोबारा आवेदन करना होगा। गौरतलब है कि राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा के साथ ही स्कूल व्याख्याताओं के भी 3,000 पदों के लिए भर्ती परीक्षा होनी हैं। इसके परिणाम जारी होने के बाद शिक्षा विभाग राज्य भर में 31,000 शिक्षकों की नियुक्तियां करेगा। रीट परीक्षा के पात्रता प्रमाण पत्र की वैधता तीन वर्ष की होगी। बता दें कि राजस्थान में तीन साल बाद रीट परीक्षा हो रही है। इससे पहले रीट परीक्षा 2018 में आयोजित की गई थी।
रीट 2021 : राजस्थान शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को बोर्ड ने दी बड़ी राहत
ये बदलाव हुए
राजस्थान सरकार ने राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी रीट में अंकों के वेटेज में अभ्यर्थियों को राहत दी है। रीट के अंतिम चयन में जहां 90 फीसदी परीक्षा में प्राप्तांकों का आधार रहेगा, तो वहीं स्नातक के अंकों का आधार 10 फीसदी कर दिया गया है। इससे पहले अंतिम चयन में रीट परीक्षा के 70 फीसदी और स्नातक के 30 फीसदी अंकों के आधार पर चयन होता था। इसका मतलब यह है कि रीट और स्नातक के अंकों का अनुपात 70 और 30 था, जिसे अब बदलकर 90 और 10 कर दिया गया है।
परीक्षा को आरबीएसई लेगा
परीक्षा को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE), अजमेर द्वारा आयोजित किया जाएगा। जबकि 3,000 स्कूल व्याख्याताओं के पदों पर चयन राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा किया जाएगा। रीट के माध्यम से, राज्य के विभिन्न सरकारी स्कूलों में नियुक्ति के लिए थर्ड ग्रेड शिक्षकों का चयन किया जाएगा। रीट 2020 में, 31,000 में से कुल 6,080 पद टीएसपी क्षेत्र से संबंधित उम्मीदवारों के लिए आरक्षित होंगे, राज्य सरकार ने पिछले साल कहा था।
परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पत्र संभव
2018 में रीट परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्न पत्रों के जरिये ओएमआरशीट से आयोजित की गई थी। अभ्यर्थियों को उत्तर पत्रिका एक प्रति ले जाने की छूट थी जबकि अभ्यर्थियों को मूल प्रति परीक्षा के बाद जमा करनी थी। इस बार भी इसे ऐसे ही आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
पहले दो अगस्त को होनी थी
रीट परीक्षा पहले दो अगस्त, 2019 को निर्धारित की गई थी। जबकि स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा सितंबर में निर्धारित की गई थी। परीक्षा की पात्रता शर्त, परीक्षा का पैटर्न और योजना, जिन शहरों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, इत्यादि का विवरण आधिकारिक वेबसाइट http://reetbser21.com/ पर जारी किया गया है।
राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी रीट 2021 की विस्तृत अधिसूचना।
राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी रीट की आधिकारिक वेबसाइट का लिंक।