भारतीय रेलवे में करीब 90 हजार पदों पर भर्ती होनी है। हाल ही में रेलवे ने उम्मीदवारों के लिए एप्लीकेशन स्टेटस चेक करने का लिंक शेयर किया था। 90 हजार पदों में ग्रुप डी, असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) और टेक्नीशियन की भर्ती होगी। भर्ती परीक्षा का पहला चरण लिखित टेस्ट होगा।
परीक्षा इसी साल सितंबर, अक्टूबर और नवंबर महीने में आयोजित होगी। इससे पहले रेलवे ने फरवरी महीने में रेलवे के इन खाली पड़े पदों के लिए आवेदन मंगवाए थे। 90 हजार पदों के लिए रेलवे को करीब ढाई करोड़ आवेदन मिले थे। इतनी भारी संख्या में आवेदन मिलने की वजह से रेलवे को उम्मीदवारों की छंटनी में काफी वक्त लग गया।
ग्रुप डी परीक्षा का पैटर्न
आपने भी अगर ग्रुप डी के लिए आवेदन किया है तो चलिए बताते हैं कि इस परीक्षा का पूरा पैटर्न क्या होगा। ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के योग्यता 10वीं पास है। रेलवे ने अभी तक बताया है कि यह परीक्षा सितंबर, अक्टूबर और नवंबर में आयोजित हो सकती है हालांकि अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। हालांकि उम्मीदवारों के लिए अभी से जी-जान से जुट जाना बेहद जरूरी है। ग्रुप डी के लिए कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा।
100 प्रश्नों का यह पेपर डेढ़ घंटे का होगा। हालांकि अलग-अलग श्रेणियों के लिए पासिंग प्रतिशत भी अलग-अलग होगा। सामान्य श्रेणी के लिए 40 प्रतिशत, ओबीसी, एससी और एसटी श्रेणी के लिए 30 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। इस परीक्षा में मिले नंबरों के आधार पर रेलवे भर्ती बोर्ड उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करेगा और अगले चरण पीईटी (शारीरिक दक्षता परीक्षा) में भेजा जाएगा।
परीक्षा पेपर में जनरल इंटेलिजेंस, रीजनिंग, जनरल साइंस, जनरल अवेयरनेस, करंट अफेयर्स और मैथ्य से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। सीबीटी में निगेटिव मार्किंग भी होगी और हर गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक काटे जाएंगे। उम्मीदवार इस पेपर के लिए 9वीं और 10वीं की किताबें पढ़ सकते हैं।