प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आजमगढ़ से यूपी सहित देश के सात राज्यों को 34,676 करोड़ रुपये की 782 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा, लोकसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मियों के बीच चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया है। वहीं, लोकसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल गठबंधन पर जोर दे रहे हैं। इस बीच तमिलनाडु में डीएमके और कांग्रेस के बीच सीट साझेदारी को लेकर समझौता हो गया। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
Top News: यूपी सहित सात राज्यों को करोड़ों की सौगात देंगे PM; EC अरुण गोयल के इस्तीफे के बाद कांग्रेस हमलावर
आज यूपी सहित सात राज्यों को 34,676 करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आजमगढ़ से यूपी सहित देश के सात राज्यों को 34,676 करोड़ रुपये की 782 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें रेलवे और बुनियादी ढांचों से संबंधित कई परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री मंदुरी एयरपोर्ट आजमगढ़ और महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय का लोकार्पण करके जनसभा भी करेंगे। पढ़ें पूरी खबर
लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयुक्त अरुण गोयल का इस्तीफा
लोकसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मियों के बीच चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया है। गोयल के इस्तीफे के बाद तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में अब दो पद रिक्त हो गए हैं। अब सारी जिम्मेदारी मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के कंधों पर आ गई है। गोयल की नियुक्ति पर सवाल उठे थे और सुप्रीम कोर्ट में चुनौती भी दी गई थी। पढ़ें पूरी खबर
EC के इस्तीफे के बाद कांग्रेस हमलावर
चुनाव आयुक्त अरुण गोयल के इस्तीफे पर कांग्रेस ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्र संस्थानों का व्यवस्थित विनाश नहीं रोका गया तो तानाशाही द्वारा लोकतंत्र पर कब्जा कर लिया जाएगा। बता दें, गोयल ने लोकसभा चुनावों से पहले इस्तीफा दिया है। उनका कार्यकाल पांच दिसंबर 2027 तक था और अगले साल फरवरी में राजीव कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त होते। पढ़ें पूरी खबर
आसिफ अली जरदारी आज लेंगे राष्ट्रपति पद की शपथ
पाकिस्तान के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी आज राष्ट्रपति भवन में पद की शपथ लेंगे। पाक मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति भवन में शाम चार बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश काजी फैज ईसा जरदारी को 14वें राष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ दिलाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी चल रही है, राष्ट्रपति भवन ने सम्मानित अतिथियों को समारोह के लिए निमंत्रण दिया है। पढ़ें पूरी खबर