अवामी लीग की नेता शेख हसीना की विदाई के बाद बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन किया जा चुका है। नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया है। उधर, पेरिस ओलंपिक में आज मीराबाई चानून दूसरे पदक के लिए मैदान में उतरेंगी। विनेश फोगाट से भी स्वर्ण पदक जीतने की आस रहेगी। उधर, तीस देशों की सेनाओं का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास तरंग शक्ति आज से शुरू हो गया है। वहीं, केदारनाथ के लिए आज से हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।
Top News: बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त; पेरिस ओलंपिक में पदकों पर भारत की नजर
मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त; राष्ट्रपति-आंदोलनकारियों की बैठक में फैसला
बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच मंगलवार की रात अंतरिम सरकार के प्रमुख की नियुक्ति की गई। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का प्रमुख बनाया गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने यूनुस की नियुक्ति का एलान किया। प्रेस सचिव ने एक बयान में बताया कि राष्ट्रपति और भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के समन्वयकों के बीच हुई बैठक के दौरान अंतरिम सरकार की नियुक्ति का फैसला लिया गया। बैठक में तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद थे। पढ़ें पूरी खबर
पेरिस ओलंपिक: मीराबाई चानू दूसरे पदक के लिए उतरेंगी, विनेश से स्वर्ण जीतने की रहेगी आस
भारत को पेरिस ओलंपिक खेलों के 12वें दिन बुधवार को भारोत्तोलन मीराबाई चानू से पदक दिलाने की आस रहेगी, जबकि एथलीट अविनाश साबले भी पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज के फाइनल में चुनौती पेश करने उतरेंगे। वहीं, महिला पहलवान विनेश फोगाट 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंच चुकी हैं और उनसे स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद रहेगी। महिला गोल्फर अदिति अशोक और दीक्षा डागर भी अपने अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि महिला टेबल टेनिस का सामना क्वार्टर फाइनल में जर्मनी से होगा। पढ़ें पूरी खबर
राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई मूसलाधार बारिश के चलते जैसलमेर, पाली और जोधपुर जिलों में कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। जम्मू में तवी नदी का जल स्तर बढ़ गया है। मौसम की मार से हलकान हुए हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी स्थिति अब तक सामान्य नहीं हो पाई है। हिमाचल में भूस्खलन के बाद लापता लोगों में से और दो लोगों के शव मिले हैं, जबकि 35 लोगों की अभी तलाश जारी है। पढ़ें पूरी खबर
उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा के लिए आज से शुरू होगी हेलिकॉप्टर सेवा
उत्तराखंड के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारघाटी पहुंचकर अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद, उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हालात पर चर्चा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार से 25 प्रतिशत कम किराये पर हेलिकॉप्टर से केदारनाथ यात्रा शुरू की जाएगी। साथ ही पैदल यात्रा को जल्द शुरू करने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर टिकट में जो छूट दी जाएगी, उसका वहन राज्य सरकार करेगी। पढ़ें पूरी खबर