देशभर में बुधवार को गणपति के आगमन से माहौल उत्सव पूर्ण रहा। लोग आपसी मतभेद को भुलाकर बप्पा का स्वागत करते दिखें। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के घर पहुंचे। जहां उन्होंने गणपति बाप्पा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इस बात की जानकारी दी। साथ ही कई तस्वीरे भी साझा की।
इतना ही नहीं इससे पहले राज ठाकरे के घर उनके चचेरे भाई और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी पहुंचे। ऐसे में कई महीनों से राज और उद्धव ठाकरे के साथ आने को लेकर लगाई जा रही अटकलों को भी एक नया आयाम मिलता दिखा।
हर साल होती है गणपति की भव्य स्थापना
बता दें कि राज ठाकरे हर साल गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपने मुंबई के ‘शिवतीर्थ’ स्थित निवास पर बप्पा की भव्य स्थापना करते हैं। यहां गणेश उत्सव के दौरान कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां दर्शन के लिए पहुंचती हैं। इस बार सीएम फडणवीस की यह उपस्थिति खास मानी जा रही है, क्योंकि हाल ही में ठाकरे परिवार के बीच भी मेल-मिलाप देखने को मिला है।
ये भी पढ़ें:- Seat Ka Samikaran: नवादा विधानसभा सीट पर रहा है दो यादव परिवारों का दबदबा, ऐसा है इसका चुनावी इतिहास
2 of 3
गणेश चतुर्थी के अवसर पर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे
- फोटो : PTI
गणेश चतुर्थी पर एक साथ दिखे राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे
गणेश चतुर्थी के मौके पर शिवसेना (उद्धव गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुधवार को अपने चचेरे भाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे के घर जाकर बप्पा के दर्शन किए। यह मुलाकात दोनों नेताओं के बीच बढ़ती नजदीकी का एक और संकेत मानी जा रही है। उद्धव ठाकरे के साथ उनके बेटे और विधायक आदित्य ठाकरे और पत्नी रश्मि ठाकरे भी मौजूद थीं। हर साल की तरह इस बार भी राज ठाकरे ने अपने दादर स्थित घर ‘शिवतीर्थ’ में गणपति बप्पा की स्थापना की है।
राज ठाकरे हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात कर चुके हैं। वहीं दूसरी ओर, उनका भाजपा और सीएम फडणवीस से भी अच्छा तालमेल माना जाता है। इससे महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल और संभावनाओं को हवा मिल रही है।
3 of 3
गणेश चतुर्थी पर एक ठाकरे परिवार
- फोटो : PTI
राजनीतिक मतभेदों के बीच एक साथ ठाकरे परिवार
शिवसेना (यूबीटी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर ठाकरे परिवार की तस्वीरें साझा कीं। इस खास फोटो में राज और उद्धव ठाकरे अपने दादा केशव ठाकरे और पिता श्रीकांत तथा बाल ठाकरे की तस्वीर के पीछे साथ खड़े नजर आए। यह तस्वीर इस बात का संदेश देती है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद ठाकरे परिवार में फिर से एकजुटता की कोशिश हो रही है।
ये भी पढ़ें:- Justice AS Oka: कॉलेजियम को असहमति पर गौर करने की जरूरत; जस्टिस नागरत्ना की असहमति पर शीर्ष अदालत के पूर्व जज
गौरतलब है कि यह तीसरा मौका है जब दोनों चचेरे भाई सार्वजनिक रूप से एक साथ देखे गए। पांच जुलाई को दोनों ने मुंबई में एक मंच साझा किया था जब राज्य सरकार ने छात्रों के लिए विवादित तीन-भाषा फॉर्मूला वापस लिया था। उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर भी राज ठाकरे मातोश्री (उद्धव का घर) जाकर उन्हें शुभकामनाएं दे चुके हैं।
बीएमसी चुनाव में भाजपा से मुकाबले की तैयारी?
हालांकि अब तक उद्धव और राज के बीच कोई आधिकारिक गठबंधन घोषित नहीं हुआ है, लेकिन दोनों पार्टियों ने संकेत दिए हैं कि वे स्थानीय निकाय चुनावों में साथ आ सकते हैं। अगर ऐसा हुआ, तो इनका मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा होगी। देखा जाए तो राज ठाकरे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच भी अच्छे रिश्ते माने जाते हैं। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि महाराष्ट्र की राजनीति आने वाले समय में किस ओर घुमती है।