पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का दिल्ली के एम्स में बृहस्पतिवार को निधन हो गया। करीब दो महीने से एम्स में भर्ती अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ गई थी। पूर्व पीएम के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शोक जताया है। आइए जानते हैं वाजपेयी के निधन पर किसने क्या कहा :-
'मेरे लिए अटल जी का जाना पिता को खोने जैसा है। मैं जब भी उनसे मिलता था तो वह पिता की तरह मुझे गले लगाते थे। वह मां भारती के सच्चे सपूत थे अटलजी। उनके जाने से एक युग का अंत हुआ है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
‘भारत ने आज महान बेटा खो दिया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को लाखों लोगों का प्यार और सम्मान मिला। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’
- राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष
‘पूर्व प्रधानमंत्री और सच्चे राजनेता अटल बिहारी वाजपेयी जी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। हर किसी को अटलजी की कमी खलेगी।’
- रामनाथ कोविंद, राष्ट्रपति
‘मैं सुबह ही उन्हें देखने अस्पताल गया था, लेकिन सोचा नहीं था वह इतनी जल्दी हमें छोड़ जाएंगे। इसमें कोई शक नहीं कि आजादी के बाद वह सबसे बड़े नेताओं में से एक थे। वे हमेशा अपनी असाधारण नेतृत्व क्षमता के कारण याद किए जाएंगे।’
-वेंकैया नायडू, उपराष्ट्रपति