प्राय: देखा जाता है कि किसी बड़े नेता के कार्यक्रम स्थल को क्षेत्रीय नेता अपने होर्डिंग-पोस्टर से पाट देते हैं। लेकिन, शुक्रवार को वाराणसी में केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम में अखिलेश यादव का पोस्टर देखने को मिला।
नितिन गडकरी राजघाट के समीप स्थित अवधूत भगवान राम घाट से दो मालवाहक जलपोतों को हरी झंडी दिखाकर जल परिवहन का शुभारंभ करने पहुंचे थे।
4200 करोड़ रुपए की इस परियोजना के तहत इलाहाबाद से हल्दिया तक जल मार्ग विकसित किया जाना है। पहले चरण में वाराणसी से हल्दिया के बीच जल मार्ग विकसित किया जा रहा है।
प्रोटोकाल के अनुसार, गडकरी सुबह 10:15 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचें। वहां से वह कार से अवधूत भगवान रामघाट पहुंचे और 11 बजे दोनों मालवाहक जलपोत को कोलकाता के लिए रवाना किया।
मालवाहक जलपोत वीवी गिरि में 24 मारुती कार और एमएस जॉय वासुदेब में भवन निर्माण सामग्री लोड की गई है। पता चला है कि ट्रायल रन के लिए आए दोनों मालवाहक जलपोतों के आने-जाने के लिए इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (आईडब्ल्यूएआई) कछुआ सेंक्चुअरी में प्रवेश के लिए राज्य सरकार के वन विभाग की ओर से मिली वन टाइम परमीशन का इस्तेमाल नहीं करेगी।