आप सोच रहे होंगे भला शैंपू करने में क्या गलती होगी। ये कौन सा कोई बहुत बड़ा काम है, लेकिन आपको बता दें सही तरीके से शैंपू नहीं करने से आपके बालों पर बुरा असर पड़ता है और बहुत सारे ऐसे लोग हैं जो बालों को साफ करते हुए कुछ गलतियां करते हैं। आइए जानते हैं क्या हैं वो गलतियां...
बालों के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपने बालों के हिसाब से सही शैंपू चुनें। अगर आप यह नहीं तय कर पा रहे हैं कि आपके बालों के हिसाब से कौन सा शैंपू बेहतर रहेगा तो आप किसी हेयर एक्सपर्ट या ट्राइकोलॉजिस्ट से संपर्क कर सकती हैं।
इन दिनों बाजार में शैंपू और कंडिशनर का टू इन वन पैक बहुतायत में मौजूद है, इन्हें खरीदने से बचें। इसे खरीदने के बजाए शैंपू और कंडिशनर अलग-अलग खरीदें।
बहुत सारे लोग बालों को धोते वक्त उन्हें ठीक से गीला नहीं करते और बालों पर शैंपू लगाने लगते हैं। यह तरीका गलत है। शैंपू लगाने से पहले बालों को अच्छी तरह से पानी से 2 से 3 मिनट तक गीला करना चाहिए। ऐसा करने से जब आप शैंपू लगाएंगे तो आपके बाल उसे अच्छे से अब्जॉर्ब कर पाएंगे।
शैंपू करते समय बालों के सिरों पर नहीं जड़ों पर ध्यान दें, जबकि कंडिशनर करते वक्त ये थेरेपी उलटी हो जाती है। ध्यान रखें कभी भी कंडिशनर को बालों की जड़ों में नहीं लगाना चाहिए।