गर्मी का मौसम अपने साथ स्किन से जुड़ी कई परेशानियों को लेकर आता है। तेज धूप औऱ गर्म हवाएं त्वचा को कई तरह से नुकसान पहुंचाती हैं। ऐसे में स्किन का खास ख्याल रखने के लिए हम आपको कुछ घरेलू फेसपैक के बारे में बताएंगे जो आपकी त्वचा को जवां और चमकदार बनाने में मदद करेंगे।
पपीता, शहद और नींबू का कॉम्बो पैक
पपीता में पपेन नाम का एंजाइम होता है, जो प्राकृतिक तरीके से मृत त्वचा की परत को उतारता है। एंटी-बैक्टीरियल गुण से युक्त शहद त्वचा को मुलायम बनाता है। जबकि साइट्रिक एसिड युक्त नींबू त्वचा को चमकाने का काम करता है।
चंदन-बेसन का जादुई स्पर्श
त्वचा को चमकाने के लिए हल्दी, चंदन पाउडर, बेसन और दूध का उबटन त्वचा पर लगाएं। एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर हल्दी और चंदन त्वचा में कसाव लाते हैं, जबकि बेसन मृत त्वचा को हटाने में मदद करता है। दूध त्वचा की रंगत को निखारने का काम करता है और त्वचा को मुलायम बनाता है।
चीनी का स्क्रब
चीनी, नींबू का रस और ऑलिव ऑयल को एक साथ मिला लें। आपका बॉडी स्क्रब तैयार है। मुलायम त्वचा के लिए यह स्क्रब अच्छा है। इसके मिश्रण को अपने शरीर पर चीनी के घुलने तक धीरे-धीरे रगड़ें। इससे त्वचा की रंगत निखरती है।
नैचुरल एवोकाडो फेसपैक
दही, एवोकाडो और शहद को मिक्स कर चेहरे पर लगाएं। इससे त्वचा में निखार आता है। दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो त्वचा की चमक बरकरार रखने वाले कोलेजन का उत्पादन करता है। एवोकाडो में आवश्यक फैटी एसिड होता है, जो त्वचा को मजबूत, नरम और अधिक लचीला बनाने में मदद करता है। शहद में एंटी-ऑक्सीडेंट होता है, जो त्वचा की चमक बरकरार रखने में मदद करता है।