शादी- पार्टी हो या फिर दोस्तों संग कोई गेट टुगेदर हो, हर बार एक जैसी हेयर स्टाइल बनाना बोरिंग सा लगता है। लंबे बालों के साथ तो कई स्टाइल ट्राई की भी जा सकती हैं लेकिन मुश्किल होती है छोटे बालों के साथ। ज्यादा से ज्यादा लड़कियां अपने बालों में पार्टिंग चेंज कर लेती हैं या फिर कोई हेयर एक्सेसरीज का यूज करके बालों को अलग लुक देने की कोशिश करती हैं। लेकिन हेयर एक्सटेंशन्स के आने के बाद से अब हेयर एक्सेसरीज और हेयर स्टाइल की परिभाषा ही बदल गई है। हेयर एक्सटेंशन्स, जैसा कि नाम से ही जाहिर है, आपके सिर पर प्राकृतिक बालों में इजाफा करने और उन्हें लंबा या घना दिखाने के लिए मुख्य तौर पर उपयोग में लाए जाते हैं। ये कई प्रकार और रंगों में बाजार में उपलब्ध हैं और इनकी खासियत यह है कि ये आपके प्राकृतिक बालों के साथ एकदम घुल-मिलकर आपको मनपसंद हेयर स्टाइल बनाने का मौका देते हैं। चलिए जानते हैं हेयर एक्सटेंशन्स के इस्तेमाल के तरीके के बारे में।
Hair Care Tips: हेयर एक्सटेंशन का कर रही हैं इस्तेमाल तो रखें इन बातों का ध्यान, बालों की खूबसूरती के लिए है जरूरी
हेयर एक्सटेंशन्स के प्रकार
अगर आप फिल्मों, सीरियल्स या किसी विज्ञापन में महिलाओं-युवतियों के लंबे-घने बाल देखकर ये सोचती हैं कि काश मेरे बाल भी ऐसे होते या कोई खास हेयरस्टाइल आपका मन मोहे और आप सोचें ये तो मेरे बालों में बन ही नहीं सकती, तो ऐसे समय पर काम आते हैं हेयर एक्सटेंशन्स। हेयर एक्सटेंशन्स असली बालों से भी बने हो सकते हैं और सिंथेटिक बालों से भी। उनकी कीमत बालों की क्वालिटी के हिसाब से ही तय होती है। केवल फैशन ही नहीं, कई समस्या के हल के तौर पर भी हेयर एक्सटेंशन्स का प्रयोग बड़े पैमाने पर किया जाता है। ऐसे लोग जो किसी बीमारी या दुर्घटना की वजह से बाल खो चुके होते हैं, उनके लिए भी हेयर एक्सटेंशन्स बहुत काम के साबित होते हैं। हेयर एक्सटेंशन्स कई प्रकार के होते हैं, जिन में क्लिप-इन्स, टेप-इन्स, वेव्स, प्री- बॉन्डेड, फ्यूजन, माइक्रो-लिंक आदि शामिल हैं। ये प्रकार बालों की जरूरत और स्थिति के हिसाब से काम करते हैं। जैसे कि क्लिप-इन हेयर एक्सटेंशन गुच्छों के रूप में मिलते हैं जो कपड़े या सिलिकॉन से अटैच्ड होते हैं। इसी पर क्लिप अटैच होती है और ये रेडी टू यूज होते हैं। आपको इनको बस अपने प्राकृतिक बालों के बीच पिन से अटैच करना होता है और ये असली बालों के साथ सेट हो जाते हैं। उन्हें हेयर बैंड लगाने जितनी ही आसानी से लगाया और निकाला जा सकता है।
इन बातों को जरूर जानें:
हेयर एक्सटेंशन्स चाहे नैचुरल हों या सिंथेटिक, इनकी देखभाल और लगाने के सही तरीकों की जानकारी होना भी जरूरी है। सही तरीके से प्रयोग में न लाने पर न केवल लुक बिगड़ सकता है बल्कि आपके प्राकृतिक बालों को भी नुकसान पहुंच सकता है। हेयर एक्सटेंशन्स के इस्तेमाल को लेकर इन बातों का ध्यान जरूर रखें-
-सिंथेटिक हेयर अक्सर थोड़े कड़क होते हैं और इसलिए ये प्राकृतिक बालों के साथ उतनी अच्छी तरह ब्लेंड नहीं करते। इसलिए अगर आपको परफेक्ट लुक चाहिए तो ह्यूमन हेयर सही विकल्प रहेगा।
-सिंथेटिक हेयर को आप अलग से कलर नहीं कर सकते क्योंकि कई हेयर डाई में अमोनिया और ब्लीच होती है जो इन बालों को खराब कर देती है। लेकिन ह्यूमन हेयर एक्सटेंशन्स को आप अपने प्राकृतिक बालों की ही तरह कर्ल, स्ट्रेट, ब्लो ड्राई या कलर कर सकते हैं।
-बहुत ज्यादा हीट भी सिंथेटिक हेयर्स के लिए खराब हो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि यदि आप सिंथेटिक हेयर एक्सटेंशन्स अपना रही हैं तो वे उस स्टाइल से मैच करते हुए ही खरीदें जो आप कैरी करना चाहती हैं। ताकि अलग से कुछ करने का झंझट न रहे।
-सूरज की तेज धूप भी सिंथेटिक हेयर एक्सटेंशन्स को खराब कर सकती है। तो अगर आप कहीं बाहर इन्हें पहनना चाहती हैं तो ध्यान रखें।
-हेयर एक्सटेंशन्स लगाने में लगने वाला समय इनके प्रकार पर निर्भर करता है। तो अगर आप कोई ऐसी हेयरस्टाइल चूज कर रही हैं जिसको बनाने में समय लगेगा तो इसके लिए अतिरिक्त समय अपने पास रखें। कम समय के हिसाब से आप क्लिप-इन एक्सटेंशन्स अपना सकती हैं।
-हेयर एक्सटेंशन्स को साफ रखना बहुत जरूरी है वरना ये आपको स्किन प्रॉब्लम्स भी दे सकते हैं। अगर आप ह्यूमन हेयर एक्सटेंशन्स का इस्तेमाल कर रही हैं तो शैम्पू और कंडीशनर का सही तरीके से प्रयोग करें। इसके लिए किसी विशेषज्ञ से सलाह भी ले सकती हैं क्योंकि हेयर एक्सटेंशन्स में सिलिकॉन और कॉपर जैसी चीजों का भी प्रयोग होता है। ऐसे में गलत शैम्पू या कंडीशनर तकलीफ दे सकता है।
-कभी भी गीले हेयर एक्सटेंशन्स पहनकर सोएं नहीं। हमेशा पहले उन्हें अच्छे से सुखाएं। वरना एक्सटेंशन्स खराब हो सकते हैं।