इंडियन आइडल 11 के जज बनने के बाद से ही सिंगर और कंपोजर अनु मलिक विवादों में हैं। दरअसल अनु मलिक पर कई महिलाओं ने #MeToo मूवमेंट के तहत यौन शोषण के आरोप लगाए थे। जिसके बाद अब अनु मलिक सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल 11 से बाहर हो गए हैं। इस विवाद पर कुछ वक्त पहले अनु मलिक ने एक खुला पत्र भी लिखा था।
#MeToo के आरोपी अनु मलिक हुए इंडियन आइडल 11 से बाहर, फैसले पर कही ये बात
इंडिया टुडे.कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक अनु मलिक अब सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल 11 से बाहर हो चुके हैं। वहीं उनकी जगह शो में अब कौन लेगा इस बारे में कोई पुख्ता खबर सामने नहीं आई है। बता दें कि अनु मलिक पर लगे आरोपों के बाद सोनी टीवी को राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोटिस भेजा था। इस नोटिस की तस्वीर भी राष्ट्रीय महिला आयोग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा की गई है।
@NCWIndia has taken Suo-motu cognizance of a Twitter post shared by @sonamohapatra wherein it's alleged @SonyTV has ignored testimonies of multiple women against a person regarding sexual harassment and made him a Judge for a talent show for youngsters on National television pic.twitter.com/UvC7bx7tL9
इस पूरे मामले पर ईटाइम्स से बात करते हुए अनु मलिक ने कहा कि वो इंडियन आइडल से किसी दबाव में आकर नहीं बल्कि अपने इच्छा से ही ब्रेक ले रहे हैं। अनु मलिक ने कहा, 'मैंने स्वेच्छा से यह निर्णय लिया है. मैं शो से तीन हफ्ते का ब्रेक लेना चाहता हूं और अपना नाम साफ करने के बाद ही इसे वापस लूंगा।'
बता दें कि लंबे वक्त से अनु मलिक पर मीटू के तहत आरोप लगाए जा रहे थे जिसके बाद आखिरकार अनु ने एक खुला पत्र लिखा था। अपने पत्र में अनु ने लिखा था, 'पिछले एक साल से मुझपर कुछ ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं जो मैंने किया ही नहीं है। मैं इतने दिन चुप रहा, इंतजार कर रहा था कि सच अपने आप सामने आ जाएगा। लेकिन अब मुझे एहसास हुआ कि मेरी खामोशी को मेरी कमजोरी समझा जा रहा है।जब से मुझपर यह गलत आरोप लगाए गए हैं तब से मेरी प्रतिष्ठा, मेरे और मेरे परिवार के मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत बुरा असर पड़ा है।'
पत्र में आगे अनु ने लिखा, 'इन आरोपों ने मुझे और मेरे करियर को बर्बाद कर दिया है। मैं खुद को हेल्पलेस, नजरअंदाज और घुटा हुआ महसूस कर रहा हूं।यह बहुत शर्मनाक है कि जिंदगी के इस पड़ाव में मेरे नाम के साथ इतने गंदे शब्द और डरावनी घटनाओं को जोड़ा जा रहा है। इस बारे में पहले क्यों नहीं सवाल किए गए? ये आरोप तभी क्यों लगाए गए जब मैं टीवी पर वापस आया जो कि इस वक्त मेरे आय का एकमात्र जरिया है। दो बेटियों का बाप होने के नाते मैं इस तरह के काम करने की सोच भी नहीं सकता। शो जारी रहना चाहिए, लेकिन इस हंसते चेहरे के पीछे...मैं तकलीफ में हूं। मैं किसी अंधेरे में हूं, मुझे बस न्याय चाहिए।'