करण कुंद्रा टेलीविजन के लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं। सोशल मीडिया पर करण कुंद्रा की एक अच्छी खासी प्रशंसकों की लिस्ट है। करण कुंद्रा ने अपने करियर की शुरुआत साल 2009 में आए टेलीविजन शो ‘कितनी मोहब्त है’ से की थी। इस शो में उनकी सह-कलाकार थीं कृतिका कामरा। करण कुंद्रा टेलीविजन के उन कलाकारों में शुमार हैं जो अपने प्रोफेशनल करियर के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चा में रहे हैं। कभी अभिनेता पर गर्लफ्रेंड ने चीटिंग का आरोप लगाया तो कभी किसी अभिनेत्री से लिंकअप को लेकर वह सुर्खियों में बने रहें।
Bigg Boss 15: करण कुंद्रा अब घर में जाकर मचाएंगे धमाल, गर्लफ्रेंड को धोखा देने से लेकर थप्पड़ मारने तक जानिए उनके विवाद
रिएलिटी शो कर चुके हैं जज
करण कुंद्रा उन सितारों में शामिल हैं जिन्होंने न सिर्फ छोटे पर्दे पर रोमांस करके दर्शकों का दिल जीता बल्कि वो रोडीज सहित कई रिएलिटी शो के जज भी रह चुके हैं। करण को ये बात बहुत अच्छे से पता है कि रिएलिटी शोज में दर्शकों का मनोरंजन कैसे करना है। करण उन कलाकारों में शुमार हैं जो अपनी राय लोगों के सामने रखने से कभी भी नहीं कतराते और उनका यही अंदाज प्रशंसकों को खूब भाता है।
विवादों से है गहरा नाता
करण कुंद्रा एक ऐसे कलाकार हैं जो प्रोफेशनल जिंदगी से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहे हैं। विवादों से करण का पुराना और गहरा नाता है। बता दें कि जब करण शो ‘ये कहां आ गए हम’ कर रहे थे तो उस दौरान उनकी सह-कलाकार सानवी तलवार ने उनपर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। दरअसल शो में दोनों के बीच एक किसिंग सीन दर्शाने के बाद उन्हें करण को थप्पड़ मारना था। करण ने कहा था कि सानवी ने उन्हें बहुत ज्यादा तेज थप्पड़ मारा था।
रिएलिटी शो में कंटेस्टेंट को जड़ दिया था थप्पड़
इतना ही नहीं रोडीज राइजिंग की शूटिंग के दौरान करण कुंद्रा ने एक कंटेस्टेंट को थप्पड़ जड़ दिया था। इस बात को लेकर काफी बवाल हुआ था। दरअसल इस कंटेस्टेंट ने खुलासा किया था कि जब उनकी बहन ने उनके दोस्त से शादी करने का निर्णय लिया तो उन्होंने अपनी बहन को बहुत मारा। ये बात करण कुंद्रा को बिलकुल पसंद नहीं आई और उन्होंने कंटेस्टेंट को थप्पड़ जड़ दिया।
कृतिका कामरा से हुआ था ब्रेकअप
करण कुंद्रा टेलीविजन के वो कलाकार हैं जिनके लिंकअप की खबर कई अभिनेत्रियों के साथ आई। बता दें कि जब कृतिका कामरा और करण कुंद्रा साथ में शो ‘कितनी मोहब्बत है’ कर रहे थे तो उस दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ी और दोनों असल जिंदगी में भी कपल बन गए। लेकिन इन दोनों का ये रिश्ता अधिक समय तक नहीं चल पाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक मधुर नायक संग लिंकअप की खबर की वजह से दोनों का रिश्ता टूटा, हालांकि इन दोनों ने ही कभी ब्रेकअप की सही वजह नहीं बताई।