अजय देवगन के लिए फिल्म 'रेड 2' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा शगुन लेकर आई। 01 मई को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन जबर्दस्त अंदाज में खाता खोला। फिल्म अच्छी कमाई कर रही है और अपना बजट निकाल चुकी है। सिनेमाघरों में शानदार चार दिन बिताने के बाद आज पहले सोमवार को फिल्म ने कैसा प्रदर्शन किया? जानते हैं इस रिपोर्ट में
Raid 2 Day 5 Box Office Collection: पास या फेल? सोमवार की परीक्षा में कैसा रहा 'रेड 2' का हाल, जानिए कारोबार
Raid 2 Day 5 Box Office Collection: फिल्म 'रेड 2' सिनेमाघरों में 01 मई को रिलीज हुई। अपना बजट यह फिल्म सफलतापूर्वक निकाल चुकी है। कल रविवार को इसने शानदार प्रदर्शन किया। जानते हैं आज पहले मंडे टेस्ट में कैसा हाल रहा?
साथ रिलीज हुई फिल्मों को चटाई धूल
फिल्म 'रेड 2' ने पहले दिन 19.25 करोड़ की कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर शानदार बोहनी की। फिल्म का यह ओपनिंग डे कलेक्शन तब रहा, जब अक्षय कुमार की 'केसरी 2' पहले से सिनेमाघरों में दर्शकों का प्यार बटोर रही थी। 'रेड 2' के साथ संजय दत्त की 'द भूतनी' और दो साउथ फिल्में 'हिट 3' और 'रेट्रो' भी सिनेमाघरों में लगीं, मगर इन तीनों फिल्मों का कोई असर 'रेड 2' पर नहीं पड़ा।
यह खबर भी पढ़ें:
Laughter Chefs 2: ‘लाफ्टर शेफ 2’ पहुंचे तो ट्रोल हुए अभिनव अरोड़ा, यूजर्स बोले- रोस्ट और वायरल दोनों होगा
बजट निकाल चुकी अजय की फिल्म
फिल्म की कमाई में दूसरे दिन शुक्रवार को कुछ गिरावट दर्ज हुई और कलेक्शन 12 करोड़ रुपये रहा। वहीं, तीसरे दिन इसमें फिर बढ़त दर्ज हुई। शनिवार को फिल्म ने 18 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिर रविवार की छुट्टी का इसे कल भरपूर फायदा मिला। 'रेड 2' ने कल चौथे दिन 22 करोड़ रुपये का कारोबार कर कमाई में गजब की बढ़ोतरी दर्ज की। फिल्म का कुल कलेक्शन 76.04 करोड़ रुपये हो गया है।
जल्द लेगी 100 करोड़ी क्लब में एंट्री
बात करें, आज पांचवे दिन फिल्म के फर्स्ट मंडे टेस्ट की तो इसमें 'रेड 2' ने औसत प्रदर्शन किया है। खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज इस फिल्म ने 4.8 करोड़ रुपये की कमाई की है। अंतिम आकंड़े आने तक इसमें और इजाफा होने की उम्मीद है। फिल्म 'रेड 2' को करीब 60 करोड़ रुपये की लागत के साथ बनाया गया है। इस हिसाब से चार ही दिनों में यह अपना बजट निकाल चुकी है। जल्द ही यह 100 करोड़ क्लब में एंट्री लेगी।
हिट सीक्वल की लिस्ट में शामिल
राज कुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी 'रेड 2' में अजय देवगन के अलावा रितेश देशमुख, वाणी कपूर, रजत कपूर, सौरभ शुक्ला, अमित सियाल, यशपाल शर्मा, सुप्रिया पाठक जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को राज कुमार गुप्ता के निर्देशन की कसावट और अजय देवगन के अभिनय ने बेमिसाल बनाया है। यह साल 2018 में आई अजय देवगन की ही 'रेड' का सीक्वल है।