Pt Ravi Shankar Love Story: गुरु की बेटी से विवाह, फिर इन दो महिलाओं पर आया दिल, पढ़िए सितार वादक की लव स्टोरी
Pandit Ravi Shankar Death Anniversary: विश्व संगीत के गॉडफादर कहे जाने वाले सितार वादक पंडित रवि शंकर की आज 11 दिसंबर को पुण्यतिथि है। आइए जानते हैं उनकी जिंदगी के कुछ दिलचस्प पहलू
विस्तार
भारतीय संगीत को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने वाले मशहूर सितार वादक पंडित रवि शंकर की आज पुण्यतिथि है। वे बेशक आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका संगीत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच सुना जाता है। साल 1920 मे बनारस में जन्मे रविशंकर 7 भाइयों में सबसे छोटे थे। शुरुआत में उनका झुकाव नृत्य की तरफ रहा। मगर 18 साल की उम्र में उन्होंने सितार सीखना शुरू किया और फिर इस विधा में देश-विदेश में भारत का नाम रोशन किया।
फिल्मी लव स्टोरी पर बन चुकी है फिल्म
पंडित रवि शंकर अपने संगीत के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे। आज हम आपको उनकी लव स्टोरी से रूबरू कराते हैं, जिस पर बॉलीवुड फिल्म 'अभिमान' भी बन चुकी है। जी हां, अमिताभ बच्चन और जया भादुड़ी अभिनीत फिल्म 'अभिमान' पंडित रवि शंकर की ही लव स्टोरी है। इस फिल्म के निर्देशक ऋषिकेश मुखर्जी बाकायदा पंडित रवि शंकर की पहली पत्नी अन्नपूर्णा देवी से इजाजत लेने गए थे।
गुरु की बेटी को बनाया जीवन संगिनी
पंडित रवि शंकर उस्ताद अलाउद्दीन खां से सितार सीखने मैहर गए। यहां से सितार से पंडित जी का रिश्ता ऐसा जुड़ा कि सितार और पं. रविशंकर एक-दूसरे के पर्याय बन गए। यहीं से उन्हें अपनी जीवन संगनी के रूप में अन्नपूर्णा मिलीं। पंडितजी ने अपने गुरु की बेटी अन्नपूर्णा देवी से साल 1941 में शादी की। इस शादी से दोनों का एक बेटा भी हुआ, जो अब इस दुनिया में नहीं है। करीब 20 साल साथ रहने के बाद वे अन्नपूर्णा से अलग हो गए। पंडित जी संगीत की दुनिया में बड़ा नाम रहे, लेकिन अन्नपूर्णा देवी की अपनी साख रही। वे हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रसिद्ध भारतीय सुरबहार वादक थीं। अन्नपूर्णा देवी अपने पिता की शिष्या थीं। कहा जाता है कि एक वक्त ऐसा था कि अन्नपूर्णा देवी का रुतबा संगीत की दुनिया में अपने पति रवि शंकर से बड़ा हो गया। इसे लेकर दोनों के रिश्तों में तनाव की बातें भी कही जाती हैं।
जिंदगी में प्यार की दस्तक
अपनी पहली पत्नी से अलग हुए रविशंकर के जीवन में क्लासिकल डांसर कमला देवी ने दस्तक दी। नृत्यांगना कमला देवी के संपर्क में आए रविशंकर कई समय तक उनके साथ लिव-इन-रिलेशन में रहे। हालांकि, बाद में कमला देवी के साथ उनके सारे संबंध टूट गए। कमला देवी के बाद रविशंकर के जीवन में आईं सू जोन्स। पंडितजी कमला देवी से अलग होने के बाद न्यूयॉर्क की कॉन्सर्ट प्रोड्यूसर सू जोन्स के संपर्क में आए। लिव-इन-रिलेशन में रहने के दौरान सू ने 1979 में एक बेटी नोराह जोन्स को जन्म दिया। नोराह भी गायिका और सितार वादक हैं।
सुकन्या राजन से रचाई दूसरी शादी
सू जोन्स से अलग होने के बाद 1981 में रवि शंकर, सुकन्या राजन के संपर्क में आए। रवि शंकर के साथ रहते हुए सुकन्या ने बेटी अनुष्का को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद दोनों ने 1989 में शादी की। पंडितजी की दोनों बेटियां-अनुष्का शंकर और नोराह जोन्स आज उनकी गैर मौजूदगी में उनकी संगीत विरासत को आगे बढ़ा रही हैं।