Trailer Review: सड़क 2 (Sadak 2)
कलाकार: संजय दत्त, आलिया भट्ट, आदित्य रॉय कपूर आदि
निर्देशक: महेश भट्ट
ओटीटी प्लेटफॉर्म: डिजनी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: ***1/2
21 साल हो गए महेश भट्ट का नाम किसी फिल्म के पोस्टर पर बतौर निर्देशक पढ़े हुए। संजय दत्त की वो फिल्म थी, ‘कारतूस’। संजय दत्त के साथ ही महेश भट्ट फिर लौटे हैं आधिकारिक रूप से फिल्म ‘सड़क 2’ का निर्देशक बनकर। बीच में दर्जनों फिल्में जो विशेष फिल्म्स से बनकर निकली हैं, उनके निर्देशक भले महेश भट्ट न रहे हों, लेकिन उन सारी फिल्मों का सीन दर सीन उनकी पैनी निगाहों के एक्सरे से होकर ही गुजरा है। महेश भट्ट को सिनेमा से प्यार है।
फिल्म ‘सड़क 2’ का ट्रेलर भी संजय दत्त के इस संवाद से ही शुरू होता, ‘सुना था कि प्यार कचरे को भी सोना बना देता है, आज देख लिया।’ इस संवाद पर सीन 1991 में आई महेश भट्ट निर्देशित फिल्म ‘सड़क’ का दिखता है और फिर आता है एक वॉयस ओवर ‘तू ऐसी मौत मरने के लिए नहीं बना है यार, जीना तो पड़ेगा।’ और ट्रेलर के साथ साथ चलने लगती हैं वे तस्वीरें जो पिछले कुछ दिनों से खबरों में और सोशल मीडिया पर तैर रही हैं। चेहरे पर मास्क लगाए चेकर्ड शर्ट पहने संजय दत्त। मंगवार की रात ही तो खबर आई कि उन्हें कैंसर हो गया है। थर्ड स्टेज।
और, यहां इस ट्रेलर में वह कह रहे हैं, ‘जिसने मेरी जिंदगी को जिंदगी दी, वो तो कब की गई अब किसके लिए जिऊं।’ माहौल पूरा इमोशनल हो चुका है। अब कौन भला ऐसा दर्शक होगा जिसने संजय दत्त का सिनेमा देखा हो और वह ये फिल्म छोड़ दे। लेकिन, फिल्म ‘सड़क 2’ को देखने की वजहें अभी और भी हैं। इस फिल्म में उठने वाला है फेक गुरुओं का वो मुद्दा, जिसे प्रकाश झा भी अपनी सीरीज ‘आश्रम’ में उठाने वाले हैं। लेकिन, मामला ‘सड़क 2’ के फेवर में ज्यादा दिखता है।
‘सड़क 2’ के ट्रेलर में भले ‘नो स्मोकिंग’ और ‘नो किसिंग’ के स्टिकर टैक्सी में लगे दिखते हों, लेकिन साथ में पिंजड़े में बंद एक उल्लू की कहानी के तिलिस्म में थोड़ा लोबान का धुआं और मिलाता है। फिर पिछली फिल्म ‘सड़क’ की महारानी (सदाशिव अमरापुरकर) के किरदार की टक्कर का चरित्र निभाते दिखने वाले हैं अभिनेता मकरंद देशपांडे।
5 of 5
सड़क 2
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म में एक बहुत ही मोहक, मधुर गाने की लाइन भी सुनाई देती है, ‘तारा तारा गिनके रातें बिताईं’ और मामला कुछ कुछ वैसा ही जमता दिखता है जैसा महेश भट्ट को महेश भट्ट बनाने वाली फिल्मों में जमाने पहले दिखता रहा है। महेश भट्ट से उम्मीद भी ऐसी ही उनके चाहने वालों को रही है। ट्रेलर ने मामला जमा दिया है, बस अब पिक्चर ही बाकी है जो रिलीज होगी 28 अगस्त को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर।