कोरोनावायरस (Coronavirus) का असर करीबन पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। अब तक दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामलों की तादाद 1,07,000 को पार कर गई है। वहीं अब तक 3600 से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की वजह से मारे गए हैं। ऐसे में कोरोनावायरस का बड़ा असर देश- विदेश के सिनेमा पर भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में न सिर्फ कार्यक्रमों बल्कि फिल्मों की रिलीज तारीख को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इस रिपोर्ट में बताते हैं कि कोरोनावायरस का सिनेमा पर क्या असर पड़ा है।
सिनेमा पर कोरोनावायरस का असर, कहीं टला कार्यक्रम तो कहीं बदल गई फिल्म की रिलीजिंग डेट
टल गया 10वां बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल
चीन सरकार का फ्लैगशिप सिनेमा इवेंट यानी 10वें बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल पर भी कोरोनावायरस का असर देखने को मिल रहा है। 10वें बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल को फिलहाल अनिश्चितकालीन के लिए टाल दिया गया है। इस आयोजन को टालने का कारण कार्यक्रम में शामिल होने वालों की सुरक्षा बताया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम से कोविड 19 का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में इसे फिलहाल टाल दिया जा रहा है।
टल गया एएफआई लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड
अमेरिकन फिल्म इंस्टीट्यूट ने 48वें एएफआई लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड गाला को भी अनिश्चितकालीन के लिए टाल दिया है। बता दें कि पहले इस कार्यक्रम का आयोजन 25 अप्रैल को होना था, जिसमें मुख्य तौर पर ब्रिटिश एक्ट्रेस और सिंगर जूली एंड्रयूज को सम्मानित किया जाना था। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि अब गर्मियों से इसका आयोजन किया जाएगा।
याद दिला दें कि हाल ही में फिल्म मिशन इम्पॉसिबल 7 का शूट भी कोरोनावायरस की वजह से रोक दिया गया था। दरअसल मिशन इम्पॉसिबल 7 का शूट इटली में जारी था, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से फिल्म के शूट को तीन हफ्ते के लिए रोक दिया गया है। इस बारे में पैरामाउंट ने अपने बयान में कहा था, 'हमारे कलाकरों और क्रू वालों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।'
टल गई जेम्स बॉन्ड की अगली कड़ी नो टाइम टू डाय की रिलीजिंग डेट
इस वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जेम्स बॉन्ड की अगली कड़ी नो टाइम टू डाय (NO TIME TO DIE) की रिलीज डेट टल गई है। जेम्स बॉन्ड के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर फिल्म नवंबर में रिलीज की जाने की बात कही गई है। बता दें कि फिल्म की रिलीज डेट नंवबर 2020 तक टाल दी गई है।