इन दिनों विदेशों से लेकर भारत तक के सिनेमाघरों में हॉलीवुड फिल्मों का बोलबाला देखने को मिल रहा है। 'मिशन इम्पॉसिबल 7', 'बार्बी' और 'ओपेनहाइमर' में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। तीनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही हैं। लेकिन जहां एक तरफ टॉम क्रूज और सिलियन मर्फी की फिल्मों को अच्छे रिव्यूज मिल रहे हैं, वहीं मार्गोट रॉबी की 'बार्बी' को लोगों की खरीखोटी सुनने मिल रही है। कुछ समय पहले जूही परमार ने फिल्म को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया था और अब टीवी अभिनेता जय भानुशाली को भी 'बार्बी' देखना कुछ रास नहीं आया।
Barbie: 'कुमकुम' के बाद 'बार्बी' पर जमकर भड़के टीवी अभिनेता जय भानुशाली, फिल्म को बताया 'बवासीर'
ग्रेटा गेरविग द्वारा निर्देशित 'बार्बी' की आलोचना करते हुए टीवी के नामी कलाकार जय भानुशाली ने कहा, 'इससे बुरी फिल्म मैंने नहीं देखी। यह एक बहुत ही खराब फिल्म है, मुझ पर विश्वास करो दोस्तों। फिल्म देखने के बाद मुझे इस वीडियो को बनाने में दो दिन लगे। प्रमोट कर रहे थे तो मुझे लगा बच्चों के लिए है, लेकिन यह न बच्चों के लिए है और न ही बड़ों के लिए।'
जय भानुशाली ने यह भी कहा कि क्योंकि उन्होंने टिकट के लिए पैसे चुकाए थे, इसलिए उन्होंने फिल्म को अंत तक सहन किया। अभिनेता बोले, 'मेरी बेटी ने पहले 30 मिनट में मुझसे कहा डैडी, मुझे नींद आ रही है। मैं फिल्म नहीं देख सकती। मुझे घर लेकर चलो। मैं बोर हो रही हूं। इस फिल्म को देखने के बाद मेरी छोटी सी बेटी मुझे जज कर रही थी।'
जय से पहले, लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेत्री जूही परमार ने बार्बी के निर्माताओं के नाम सोशल मीडिया पर एक नोट लिखकर फिल्म को लेकर अपनी निराशा जाहिर की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि यह फिल्म बच्चों के लिए अनुचित है और इसीलिए वह अपनी 10 साल की बेटी समायरा को फिल्म दिखाने ले गई थीं। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिल्म में इस्तेमाल किए गए सेक्शुअल कंटेंट और अनुचित भाषा की वजह से वह 10 मिनट के अंदर ही अपनी बेटी के साथ सिनेमा हॉल से बाहर आ गई थीं।