सिनेमा जगत में एक से बढ़कर एक सुपरस्टार हुए हैं। कुछ अभिनेताओं की एक्टिंग और उनका अंदाज दर्शकों को इतना भाया है कि वे आज भी लोगों के जेहन में बसे हुए हैं। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के 'काका' यानी सुपरस्टार राजेश खन्ना के बारे में। राजेश खन्ना को सदाबहार अभिनेता कहा जाता था। काका का जो स्टारडम था, उसकी चाह हर अभिनेता रखता है। राजेश खन्ना के फैंस की कोई गिनती नहीं थी, उनके फैंस की लिस्ट में कुछ स्टार्स भी शामिल थे। इसी में से एक थे दिवंगत अभिनेता इरफान खान।
इरफान खान के अभिनय की पूरी दुनिया आज भी कायल है और उनकी फिल्मों को लोग कई-कई बार देख चुके हैं। लेकिन एक समय था जब इरफान राजेश खन्ना के बहुत बड़े फैन थे और उनसे मिलने की हर संभव कोशिश करते थे। आज भले ही दोनों शानदार अभिनेता हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी कई यादें आज भी लोगों के जेहन में बसी हुई हैं। आज हम आपको राजेश खन्ना और इरफान खान से जुड़ा एक किस्सा बताने जा रहे हैं।
2 of 5
राजेश खन्ना और इरफान खान
- फोटो : Twitter
ये बात बेहद कम लोगों को पता है कि अभिनेता बनने से पहले इरफान खान मुंबई में इलेक्ट्रिशियन का काम किया करते थे। राजेश खन्ना के फैन वो हमेशा से ही थे और उनसे मिलने की चाहत थी। बतौर मैकेनिक इरफान खान को सबसे पहला काम राजेश खन्ना के बंगले में जाकर उनका एसी ठीक करने का मिला था।
इरफान खान की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और वो झटपट अपना सामान लेकर काका के बंगले की ओर चल पड़े। इस बात का जिक्र खुद इरफान साहब ने एक इंटरव्यू में किया था और कहा था, 'मुझे अच्छे से याद है जब मैं राजेश खन्ना साहब के बंगले पर पहुंचा, तो दरवाजा उनकी दाई ने खोला था। कुछ देर तक तो मैं उनके घर को ही निहारते रह गया था।'
4 of 5
इरफान खान
- फोटो : Instagram
इरफान साहब ने आगे कहा था, 'ये पहली बार था जब मैंने इतना शानदार बंगला देखा था। इस दौरान मैं बड़ी-बड़ी आंखों से हर जगह राजेश खन्ना साहब को ढूंढने की कोशिश कर रहा था, शायद उस दिन मेरी किस्मत खराब थी क्योंकि वो उस दिन घर पर ही नहीं थे।' इरफान खान काका से मिलने की ख्वाहिश लेकर गए थे और उनसे ना मिल पाने पर वे दुखी हो गए थे।
अफसोस जताते हुए इरफान खान ने कहा था, 'काश! मैं उस दिन उनसे मिल पाता, उन्हें अपने दिल की बात कह पाता। हालांकि, इस वाकये के कई सालों बाद मैंने उनसे मुलाकात की थी। मुझे राजेश खन्ना साहब के साथ काम करने का कभी मौका नहीं मिल पाया। इस बात का भी मुझे हमेशा अफसोस रहेगा।' काका की तारीफ करते हुए इरफान खान ने कहा था, 'राजेश खन्ना साहब ने अपने अभिनय से बॉलीवुड में जो स्टारडम हासिल किया था वो दोबारा कभी किसी को नसीब नहीं हुआ। वो इंडस्ट्री के पहले और सबसे बड़े सुपरस्टार थे और वह हमेशा उसी गद्दी पर विराजमान रहेंगे।'