बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकारों में से एक हैं। बॉलीवुड में विवेक ओबेरॉय का सफर काफी उतार- चढ़ाव भरा रहा है। 'ओमकारा' से लेकर 'साथिया' तक, अभिनेता ने अपने दो दशकों से अधिक के करियर में कई फिल्मों में काम किया। हाल ही में, विवेक ने इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआती दिनों के स्ट्रगल और लव लाइफ को याद करते हुए कई खुलासे किए।
खुलासाः पहली फिल्म के लिए विवेक ओबेरॉय को करना पड़ा था ये काम, अभिनेता ने किया संघर्ष के दिनों को याद
ऐसे मिली फिल्म कंपनी
एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में विवेक ने अपने जीवन से जुड़े कई राज से पर्दा उठाया और अपने संघर्ष को याद किया। अभिनेता को इंडस्ट्री में अपनी डेब्यू फिल्म 'कंपनी' पाने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ी थी। उन्हें कभी स्टार किड होने का फायदा नहीं मिला और न वह लेना चाहते थे। विवेक ने कहा कि, "मुझे नहीं पता कि मैंने 'कंपनी' को चुना था या 'कंपनी' ने मुझे चुना। उस समय हर कोई मुझे कहता था कि मैं बहुत बड़ी गलती कर रहा हूं। जब मैं न्यूयॉर्क से फिल्म की पढ़ाई करके वापस आया, तो लोगों ने यह बहुत पहले से तय कर लिया था कि मेरे पिता मुझे एक फिल्म में लॉन्च करेंगे। मेरे पिता ने मुझे एक फिल्म करने के लिए साइन भी किया था, जो अब्बास मस्तान प्रोड्यूस कर रहे थे। इस बात का पता चलते ही मेरी रातों की नींद गायब हो गई थी क्योंकि मैं कभी भी अपने पिता का सिर झुका हुआ नहीं देखना चाहता था। मेरे आदर्श हमेशा से मेरे पिता थे, तो मुझे डर था कि कहीं मैं फेल न हो जाउं।"
विवेक ने आगे बढ़कर किया मना
विवेक ने खुलासा करते हुए बताया कि एक दिन वह उठे और उन्होंने अपने पिता से कहा कि वह यह फिल्म नहीं कर सकते और वह अपनी योग्यता के आधार पर स्ट्रगल करने और काम ढूंढने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। "उस दिन से मैंने अलग-अलग निर्माताओं के पास जाकर, उनके दरवाजे के बाहर खड़े होकर 'ऑडिशन्स' दिए। यह सब करने में मुझे 15-16 महीने लग गए। अपने पैरों पर खड़े होने के लिए मैंने अपना सरनेम तक छोड़ दिया था क्योंकि मैं अपने पिता के नाम की वजह से कोई फिल्म नहीं करना चाहता था। मैं अपनी योग्यता के आधार पर अभिनेता बनना चाहता था। यह मेरे करियर का बहुत नाजुक समय था। फिर मैंने एक दिन सुना कि राम गोपाल वर्मा 'कंपनी' नाम की फिल्म बना रहे हैं और किसी तरह मुझे उनसे मिलने का मौका मिला।"
रिलेशनशिप में रहे फेल
इस दौरान विवेक ने अपनी लव लाइफ के बारे में बात करते हुए कहा कि "मैंने जितनी ज्यादा लड़कियों को डेट किया अपनी लाइफ में उतना ही अकेला महसूस किया। उस दौरान मैंने बहुत नीचा महसूस किया और उसकी वजह से मैं बहुत चिड़चिड़ा महसूस करने लगा था। मैं सिर्फ कैजुअल रहना चाहता था और मैंने वैसा ही किया। प्यार में मिले इतने खराब अनुभव के बाद अब मैं अपनी पत्नी के साथ काफी खुश हूं।"
इन फिल्मों में आएंगे नजर
विवेक के वर्कफ्रंट की बात करें तो अपने लंबे फिल्मी करियर के दौरान अभिनेता ने कई फिल्मों में काम किया। विवेक द्वारा अभिनीत फिल्मों में 'साथिया', 'युवा', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' आदि शामिल हैं। विवेक अब जल्द ही फिल्म 'कडूवा' में दिखाई देंगे।