सलमान खान की फिल्में ईद पर जैसा बिजनेस करती हैं वैसा धमाल '
ट्यूबलाइट' बड़े पर्दे पर नहीं मचा पाई। बजरंगी भाईजान और सुल्तान की सक्सेस के बाद 'ट्यूबलाइट' का ऐसा हाल देख सलमान के साथ-साथ फैंस भी दुखी हैं। सिने प्रेमियों को लेकिन निराश होने की जरुरत नहीं है। इस साल और भी कई
बड़ी फिल्में आने वाली हैं जो बड़े पर्दे पर धमाल मचाने का दमखम रखती हैं।
जब हैरी मेट सेजल : इम्तिाज अली पहली बार शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा को लेकर फिल्म बना रहे हैं। इस तिकड़ी से फैंस को काफी उम्मीदें हैं। ये फिल्म 4 अगस्त को रिलीज हो रही है।
टॉयलेट: एक प्रेम कथा : अक्षय कुमार की ये फिल्म प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित है। इस फिल्म की काफी जगह प्रशंसा हो रही है। भूमि पेडनेकर इस फिल्म में अक्षय की पत्नी का रोल निभा रही हैं। 11 अगस्त को दर्शक सिनेमाघरों में ये फिल्म देख सकते हैं।
सिमरन : इस फिल्म को अगर नेशनल अवॉर्ड फिल्ममेकर्स की फिल्म कहें तो कुछ गलत नहीं होगा। कंगना रनौत और हंसल मेहता की जोड़ी कुछ अलग लेकर आ रही है। फिल्म का टीजर पहले ही दर्शकों के बीच हिट हो चुका है। फिल्म 15 सितंबर को रिलीज होगी।
टाइगर जिंदा है : ट्यूबलाइट भले ही दर्शकों को लुभाने में नाकाम रही हो लेकिन सलमान की ये फिल्म बड़े पर्दे पर धमाल मचा सकती है। ये साल 2012 में आई 'एक था टाइगर' का सीक्वल है और सलमान-कैट की जोडी 4 साल बाद फिर साथ दिखाई दे रही है। 'टाइगर जिंदा है' 22 दिसंबर को रिलीज होगी।