बॉलीवुड फिल्म मेकर रोहित शेट्टी एक बार फिर एक्शन-रोमांच से भरपूर टीवी रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ लेकर आ रहे हैं। रोहित की मानें तो खतरों के खिलाड़ी बेहद बेहद मुश्किलों भरा शो है। वहीं इसके स्टंट्स को तैयार करने के लिए भी काफी कड़ी मेहनत करनी पड़ती है।
रोहित का यह भी कहना है कि शो की सफलता का पूरा श्रेय शो की तकनीकी टीम को जाता है। आपको बता दें कि 'खतरों के खिलाड़ी' 5 जनवरी से कलर्स चैनल पर प्रसारित होने जा रहा है। शो को लेकर खास बातचीत में रोहित ने बताया कि 'शो के शुरू होने से पहले कम से कम तीन से छह महीने पहले ही इसकी तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। सबसे पहले हमें शो के सीजन के हिसाब से जगह चुननी पड़ती है।
इसके बाद स्टंट्स की योजना और इसे अंजाम दिया जाता है। हम दिन में तीन स्टंट करते हैं। पूरे सीजन के दौरान कुल 100 स्टंट किये जाते हैं।’ रोहित के अनुसार ‘खतरों के खिलाड़ी’ पूरी तरह से एक रियलिटी शो है क्योंकि इसमें किए जाने वाले स्टंट्स असल में होते हैं। चलिए आपको बताते हैं कि इस बार शो में कौन-कौन से स्टार नजर आएंगे।
बता दें कि टीवी दुनिया की मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और पति हर्ष लिंबाचिया के साथ इस खतरे के मैदान में उतरेंगी। वहीं सलमान खान का मोस्ट पॉपुलर टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 12 में खेल रहे श्रीसंत भी इस खेल का हिस्सा बनेंगे। वहीं, बिग बॉस 11 के मास्टरमांड कंटेस्टेंट विकास गुप्ता इस बार खतरों के खिलाड़ी में कैसे दिमाग चलाते हैं यह देखना दिलचस्प होगा। सिंगर आदित्य नारायण, शिल्पा शेट्टी की छोटी बहन शमिता शेट्टी, जैसमिन भसीन, रिद्धिमा पंडित, जैन इमाम, पुनीत पाठक, अविका गौर, एली गोनी जैसे बड़े नाम शो का हिस्सा होने वाले हैं।
शो के सीजन के बारे में रोहित ने कहा कि इस बार का सीजन किसी मसाला मनोरंजक फिल्म की तरह होने वाला है, जहां एक्शन, ड्रामा, कॉमेडी और भावना सबकुछ देखने को मिलेगा। रोहित ने कहा कि, ‘शो में हिस्सा लेने वाले प्रतियोगी अभिनेता हैं, वह कोई स्टंट कलाकार नहीं हैं। मेरा काम उन्हें स्टंट करने के लिये प्रेरित करना और उनकी सुरक्षा को देखना होगा।'