‘कपूर एंड सन्स’’ की मिसेज कपूर और ‘‘लिपस्टिक अंडर माय बुर्का’’ की ऊषा परमार तो आपतो याद ही होगी। इन दोनों में फिल्मों में अपने काम का सिक्का जमाने वाली एक्ट्रेस रत्ना पाठक शाह का कहना है कि वह स्क्रीन पर हर तरह की भूमिका निभाना चाहती हैं। रत्ना का कहना है कि वह इन फिल्मों के लिए श्रेय फिल्म के लेखकों को देती हैं।
हाल ही में मीडिया को दिए इंटरव्यू में रत्ना ने कहा, 'मैं उन फिल्मों का हिस्सा बनकर अपने आप को खुशनसीब समझती हूं जिनमें मेरी उम्र की महिलाओं के लिए भूमिकाएं लिखी जाती हैं। यह सौभाग्य की बात है कि पिछले कुछ वर्षों में पटकथा की गुणवत्ता में प्रभावशाली सुधार आया है।’
55 साल की रत्ना ने आगे कहा, 'अब ज्यादा खुलेपन और ज्यादा आजादी के साथ अलग-अलग मुद्दों को तलाशा जाता है। लोग जोखिम ले रहे हैं और मैं उस समय वहां थी। यह मेरे लिए अच्छा है।’
आपको बता दें कि रत्ना नेटफ्लिक्स की सीरीज 'सिलेक्शन डे में एक एकेडमी की जिद्दी प्रिंसिपल का रोल प्ले कर रही हैं। वहीं रत्ना की मानें तो वह ऐसी और सीरीज का हिस्सा बनना चाहती हैं। रत्ना ने इंटरव्यू में आगे कहा- 'मैं जिद्दी, धौंस जमाने वाली हूं और मैं वह हूं जो मैं हूं लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि मैं कुछ और नहीं हो सकती। मैं और कई चीजें कर सकती हूं। एक कलाकार यही चाहता है। मेरे काम का श्रेय मेरे पति नसीरुद्दीन शाह को जाता है। उन्होंने मुझे कभी भी पैसों के लिए काम करने के लिए मजबूर नहीं किया।’
बता दें कि 'सिलेक्शन डे' अरविन्द अडिग के इसी नाम से लिखे उपन्यास पर आधारित है। सीरीज में राजेश तैलंग, मोहम्मद समद, यश धोले, करणवीर मल्होत्रा, शिव पंडित और महेश मांजरेकर भी अहम किरदार में हैं। बता दें कि रत्ना पाठक की यह सीरीज 28 दिसंबर से नेटफ्लिक्स पर आएगी।