हर प्यार करने वाला जोड़ा हमेशा अपनी आंखों में जीत का सपना लेकर चलता है। उन्हें लगता है कि वो हर लड़ाई पर विजय हासिल कर लेंगे लेकिन ये दुनिया बहुत निष्ठुर जो हर कदम पर ऐसे प्यार करने वालों की परीक्षा लेती रहती है। कुछ ऐसी ही कहानी है फिल्म धड़क की। सदाबहार एक्ट्रेस रहीं श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर और शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर की फिल्म धड़क का सबको बहुत ही बेसब्री से इंतजार था। फिल्म पहले ही दिन से बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार कर रही है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्देशक शशांक खेतान हैं। यह फिल्म मराठी भाषा की सुपरहिट फिल्म 'सैराट' की हिन्दी रीमेक है। इस फिल्म को लेकर वैसे तो कई बातें सामने आ रही है लेकिन एक अहम बात हम आपको बताने जा रहे हैं जो शायद आपको न पता हो।
'धड़क' के इन 3 सीन ने करवा दी छप्पर फाड़ कमाई, करण जौहर ने वसूले थे एक मिनट के करोड़ों रुपये
आपको बता दें कि करण जौहर की इस फिल्म में प्यार के साथ-साथ भरपूर ड्रामा भरा हुआ है। इसके अलावा एक और चीज इसमें जमकर भरी हुई है वो है फिल्म के बीच एंडोर्समेंट। फिल्म की पूरी कहानी में तीन ब्रांड का जमकर एंडोर्समेंट किया गया है। ये तीन ब्रांड हैं- हल्दीराम, खेतान और जस्ट डायल। 2 घंटे 17 मिनट की फिल्म में इन 3 ब्रांड का विज्ञापन किया गया है। फिल्म की शुरुआत में ही हल्दीराम का एंडोर्समेंट दिखाया गया है। फिल्म में एक प्रतियोगिता दिखाई गई है जिसमें जीतने वाले को खेतान पंखा पुरस्कार में दिया जाता है।
साथ ही फिल्म के एक हिस्से में जाह्नवी को जस्ट डायल में काम करते हुए दिखाया गया है। जहां जाह्नवी बार-बार कंपनी का नाम लेते हुए ग्राहकों को फोन करती हैं। आपको बता दें कि फिल्मों में इस तरह के ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए कंपनी फिल्म निर्माता के साथ करोड़ों रुपयों की डील करती है। सूत्रों की मानें तो फिल्मों में इस तरह के विज्ञापन के लिए कई करोड़ रुपये दिए जाते हैं। बड़े ब्रांड को हर मिनट के लिए फिल्म मेकर्स को 1 करोड़ से ज्यादा रुपये देने पड़ते हैं। इससे साफ है कि निर्माता को कंपनी से करोड़ों रुपये मिलते हैं।
इस तरह से अगर फिल्म में एक से अधिक ब्रांड एंडोर्समेंट हो जाए तो उस फिल्म को करोड़ों रुपये का लाभ मिल जाता है। एक फिल्म को बनाने में जितनी लागत लगती है उसमें इन विज्ञापन से हो रही कमाई से काफी सहूलियत मिलती है। फिल्म धड़क में हुए ब्रांड एंडोर्समेंट से करण जौहर को काफी फायदा हुआ है। धड़क की लागत 55 करोड़ बताई गई है ऐसे में साफ है कि तीन ब्रांड एंडोर्समेट से कई करोड़ रुपये का लाभ फिल्म के निर्माताओं को हुआ है। आपको बता दें कि ये पहली बार नहीं है कि फिल्मों में इस तरह के ब्रांड एंडोर्समेंट हुए हैं। सबसे पहले फिल्म ताल में सुभाष घई ने कोका कोला का ब्रांड एंडोर्समेंट किया था।
इसके बाद फिल्म क्रिश के सभी पार्ट में बोर्नविटा का एड किया गया है। फिल्म राजनीति में प्रकाश झा ने बासमती राइस का ब्रांड एंडोर्समेंट किया था। फिल्म रा वन में 25 ब्रांड का एंडोर्समेंट किया गया था। इन सबसे आप समझ सकते हैं कि निर्माता फिल्म की लागत का आधा पैसा तो इन्हीं सब से निकाल लेते हैं। ये ब्रांड एंडोर्समेंट लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों में होती है। फिलहाल फिल्म धड़क रिलीज हो चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा कारोबार भी कर रही है। अब देखना ये है फिल्म दर्शकों के दिलों को जीतते हुए आने वाले दिनों में कितना कारोबार कर पाती है।